पटना में विकास कार्यों का निरीक्षण: CM नीतीश कुमार ने सबवे और डबल डेकर फ्लाईओवर का लिया जायजा, शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश

0
6
पटना में यातायात सुधार के लिए मुख्यमंत्री ने सबवे और डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
पटना में यातायात सुधार के लिए मुख्यमंत्री ने सबवे और डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी सोमवार (28 अप्रैल 2025) को राजधानी पटना में चल रहे दो प्रमुख निर्माण कार्यों — भूमिगत पैदल यात्री मार्ग (सबवे) और डबल डेकर फ्लाईओवर — का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन परियोजनाओं के बचे हुए कार्यों को शीघ्र पूरा कर यातायात सुविधा प्रारंभ कराई जाए, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।

पटना जंक्शन से मल्टी लेवल पार्किंग तक सबवे का निर्माण अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पटना जंक्शन के निकट बनाए जा रहे भूमिगत पैदल यात्री मार्ग का निरीक्षण किया। यह सबवे पटना जंक्शन से जीपीओ गोलंबर तक फैला हुआ है, जिसमें ट्रैवेलेटर और एस्केलेटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सुविधाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से यात्री सुविधा और कनेक्टिविटी को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

Untitled design 2025 04 28T162921.092

उन्होंने कहा कि, “सबवे के शुरू होने से पटना जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम होगी और यात्रियों को सुगम आवागमन मिलेगा।”

यह 440 मीटर लंबा सबवे बुद्ध स्मृति पार्क के निकट स्थित मल्टी लेवल पार्किंग से जोड़ते हुए जी+2 मल्टी मॉडल हब तक सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। मल्टी मॉडल हब में सिटी बसों, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, कैब और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की सुविधा होगी।

अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर का निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ऊपरी और निचली दोनों पुलों का गाड़ी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

Untitled design 2025 04 28T162907.217

डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक किया जा रहा है।

  • ऊपर का पुल कुल 2.2 किलोमीटर लंबा है, जो कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक फैला है।
  • नीचे का पुल 1.7 किलोमीटर लंबा है, जो बीएन कॉलेज से पटना कॉलेज तक फैला हुआ है।

इसके अलावा, फ्लाईओवर को पीएमसीएच और कृष्णा घाट के पास से कनेक्टिविटी दी गई है। इस परियोजना से पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों और अशोक राजपथ के स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और सड़क पर वाहनों के अनावश्यक शोर से भी निजात मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक बताया और इसके शीघ्र पूरा होने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक, पटना नगर निगम के नगर आयुक्त अनिमेश पराशर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।