महाराष्ट्र के भिवंडी में प्रतिबंधित गुटखा बना संगठित अपराध का हब, सपा विधायक रईस शेख ने LAQ के जरिए सरकार को घेरा

0
1

By: सर्वजीत सोनी | Edited By: उमेश चंद्र

महाराष्ट्र के भिवंडी (पूर्व) से समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने भिवंडी में तेजी से फैल रहे ड्रग्स और प्रतिबंधित गुटखा तस्करी के गंभीर मुद्दे को लेकर विधानभवन में LAQ (Legislative Assembly Question) के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने आरोप लगाया कि भिवंडी अब प्रतिबंधित गुटखा की स्टोरेज और सप्लाई का बड़ा हब बनता जा रहा है, जिससे पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र में अवैध गुटखे की आपूर्ति हो रही है।

“भिवंडी बना गुटखा तस्करी का केंद्र” – रईस शेख

LAQ पर चर्चा के दौरान विधायक रईस शेख ने कहा कि भिवंडी का गोदाम नेटवर्क, ट्रांसपोर्ट व्यवस्था और भौगोलिक स्थिति तस्करों के लिए अनुकूल साबित हो रही है। यहां बड़े पैमाने पर गुटखे का भंडारण, री-पैकिंग और आगे सप्लाई की जाती है, जिसके बाद यह माल मुंबई, ठाणे और अन्य जिलों में भेजा जाता है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो भिवंडी पूरी तरह अवैध गुटखा कारोबार का मुख्य केंद्र बन जाएगा।

गुजरात से सप्लाई होने का आरोप

विधायक रईस शेख ने सदन में यह भी आरोप लगाया कि प्रतिबंधित गुटखे की मुख्य सप्लाई गुजरात से महाराष्ट्र में प्रवेश करती है। गुजरात–महाराष्ट्र सीमा, राष्ट्रीय राजमार्गों और मालवाहक वाहनों के जरिए यह अवैध माल भिवंडी तक पहुंचाया जाता है, जहां से आगे वितरित किया जाता है।

प्रशासनिक भूमिका पर सवाल

LAQ के जरिए विधायक ने सवाल उठाया कि—
• सीमा और ट्रांजिट रूट्स पर निगरानी क्यों कमजोर है?
• बार-बार कार्रवाई के बावजूद सप्लाई चेन क्यों नहीं टूट रही?
• कार्रवाई केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित क्यों रह जाती है?

उन्होंने मांग की कि जांच को जमीनी स्तर से ऊपर उठाकर बड़े सरगनाओं और पूरे नेटवर्क तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का जवाब

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने LAQ पर जवाब देते हुए सदन को बताया कि सरकार ड्रग्स और प्रतिबंधित गुटखा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। पुलिस, FDA, क्राइम ब्रांच और अन्य एजेंसियों के माध्यम से संयुक्त और सतत छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं।

1

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि—
• इंटर-स्टेट सप्लाई रूट्स पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
• गुजरात सहित अन्य राज्यों की एजेंसियों से समन्वय बढ़ाया गया है।
• यदि किसी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण सामने आता है, तो अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।

महाराष्ट्र के नागपुर हिवाली अधिवेशन सत्र में विधानभवन में समाजवादी पार्टी विधायक रईस शेख द्वारा LAQ के जरिए उठाए गए इस मुद्दे के बाद सरकार पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना यह है कि भिवंडी को प्रतिबंधित गुटखा तस्करी के हब के रूप में उभरने से रोकने के लिए सरकार कितनी तेज और प्रभावी जमीनी कार्रवाई करती है।

समाजवादी पार्टी के विधायक – रईस शेख, (भिवंडी ईस्ट ) ठाणे महाराष्ट्र – (महाराष्ट्र के नागपुर हिवाली अधिवेशन में सत्र में सरकार से पूछा गया स्वाल)