रणजी ट्रॉफी में यशस्वी जायसवाल का धमाका: शतक के साथ पूरे किए 1000 रन, मुंबई को हार से बचाया

0
0

टीम इंडिया के युवा स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में अपनी क्लास दिखाई है। करीब 10 महीने बाद रणजी ट्रॉफी में लौटे जायसवाल ने राजस्थान के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए मुंबई को हार से बचाया और साथ ही रणजी ट्रॉफी में अपने 1000 रन पूरे किए।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहली पारी 617/7 पर घोषित की थी। जवाब में मुंबई की पहली पारी 254 रन पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में ओपनिंग करने उतरे जायसवाल ने चौथे दिन 120 गेंदों में 11 चौकों की मदद से शतक पूरा किया।

तीसरे दिन तक वे अर्धशतक के करीब थे और चौथे दिन शानदार तरीके से अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। पहली पारी में भी जायसवाल ने 67 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।

राजस्थान के बल्लेबाजों का जलवा, लेकिन यशस्वी ने बचाई मुंबई की लाज

राजस्थान की ओर से दीपक हुड्डा ने शानदार 248 रन, कार्तिक शर्मा ने 139 रन, और सचिन यादव ने 92 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन जायसवाल ने एक छोर संभालते हुए संघर्षपूर्ण 156 रनों की पारी खेली। उनकी इस बल्लेबाजी की बदौलत मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

यशस्वी की शानदार उपलब्धि

इस पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी में 1000 रन पूरे किए। यह रणजी ट्रॉफी में उनका पांचवां शतक है। साथ ही, यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 17वां शतक भी है।

जायसवाल अब तक —

  • टेस्ट क्रिकेट में 7 शतक,
  • रणजी ट्रॉफी में 5 शतक,
  • रेस्ट ऑफ इंडिया और वेस्ट जोन के लिए 2-2 शतक,
  • और इंडिया ए के लिए 1 शतक लगा चुके हैं।

उन्होंने अब तक रणजी ट्रॉफी के 11 मैचों की 21 पारियों में 1000 से अधिक रन बनाए हैं — जो उनकी निरंतरता और क्लास को दर्शाता है।