एजबेस्टन टेस्ट में नजरें यशस्वी पर, वर्ल्ड रिकॉर्ड बस 10 छक्के दूर; इस पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का तोड़ेंगे रिकॉर्ड

0
15

Yashasvi Jaiswal on verge of breaking a test world record: बुधवार (2 जुलाई) से इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया पहले टेस्ट में हार के बाद अब वापसी की कोशिश करेगी। लेकिन इस मुकाबले में सबकी निगाहें युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पर टिकी होंगी, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड के बेहद करीब हैं।

बताते चलें कि जायसवाल ने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 101 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि दूसरी पारी में वह सिंगल डिजिट स्कोर बनाकर आउट हो गए थे। बावजूद इसके, वह अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अब उनका लक्ष्य है शाहिद अफरीदी का टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 50 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ना।

शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ 10 छक्के दूर

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टेस्ट क्रिकेट में 50 छक्के लगाने का कारनामा 46 पारियों में किया था। वहीं यशस्वी जायसवाल अब तक 38 पारियों में 40 छक्के लगा चुके हैं। यानी उन्हें अगले 12 पारियों में केवल 10 छक्के लगाने हैं।

अगर वह एजबेस्टन टेस्ट की दोनों पारियों में कुल 10 छक्के लगा लेते हैं तो अफरीदी का रिकॉर्ड उनके नाम हो जाएगा और वह टेस्ट इतिहास में सबसे तेज़ 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इंग्लैंड के खिलाफ करते हैं ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

यशस्वी का रिकॉर्ड खासतौर पर इंग्लैंड के खिलाफ काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक इंग्लैंड के खिलाफ 11 पारियों में 27 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी एक टीम के खिलाफ उनके सबसे ज्यादा छक्के हैं।

अगर वह इस टेस्ट में रिकॉर्ड से चूक भी गए तो उनके पास आने वाले मुकाबलों में यह कीर्तिमान हासिल करने के मौके रहेंगे।

रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी खतरे में

यशस्वी सिर्फ अफरीदी ही नहीं, भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ने की कगार पर हैं। रोहित ने टेस्ट में 51 पारियों में 50 छक्के लगाए थे। जायसवाल के मौजूदा आंकड़े देखें तो वह इस रिकॉर्ड को जल्द ही पार कर सकते हैं।

2000 रन के आंकड़े से भी बस कुछ रन दूर

अब तक यशस्वी ने टेस्ट करियर की 38 पारियों में 1903 रन बनाए हैं। इसमें 5 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। वह जल्द ही 2000 टेस्ट रन पूरे करने वाले भारत के एक और बल्लेबाज बन सकते हैं। उनकी फॉर्म को देख कर लग रहा है कि वे दूसरे टेस्ट में ही ये कारनामा भी कर दिखाएंगे।