WI vs SA Super-8 Live: ऑलराउंडर Vs ऑलराउंडर की जंग में शेपर्ड-होल्डर ने बचाई वेस्टइंडीज की लाज, यान्सन की हुई खूब पिटाई

0
0

WI vs SA Super-8 Live: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज आमने-सामने हैं। इस मैच पर न सिर्फ ग्रुप-1 की तस्वीर काफी हद तक साफ होने वाली है, बल्कि भारतीय क्रिकेट फैंस की भी खास नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर आगे के सेमीफाइनल समीकरणों पर पड़ सकता है।

WI vs SA Super-8 Live: शेपर्ड के अर्धशतक की बदौलत 176/8 पर पहुंचा वेस्टइंडीज

सुपर-8 के अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 176 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। हालांकि शुरुआत कैरेबियाई टीम के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। पावरप्ले के भीतर ही ब्रैंडन किंग (21), कप्तान शाई होप (16) और शिमरॉन हेटमायर (2) जैसे अहम बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए, जिससे स्कोर 52/4 तक सिमट गया। कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी की तेज गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम को पूरी तरह झकझोर दिया।

मिडिल ऑर्डर में रोवमैन पॉवेल और रोस्टन चेज भी बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन इसके बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेपर्ड ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी ने रनगति को फिर से पटरी पर लाया। होल्डर ने 31 गेंदों पर 49 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके रनआउट होने के बाद भी शेपर्ड डटे रहे।

रोमारियो शेपर्ड ने अंत तक टिकते हुए 37 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे, जिसने वेस्टइंडीज को 170 के पार पहुंचाया। आखिरी ओवरों में तेजी से बटोरे गए रनों की बदौलत कैरेबियाई टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही, जो अब गेंदबाजों के लिए बचाव करने लायक माना जा रहा है।

WI vs SA Super-8 Live: ऑलराउंडर बनाम ऑलराउंडर; यान्सन की लगी क्लास

जेसन होल्डर और रोमारियो शेपर्ड की दमदार साझेदारी ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाल लिया है। शुरुआती झटकों के बाद दोनों ने आक्रामक अंदाज़ में रन बटोरे और स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। 18वें ओवर में मार्को यान्सन को जमकर निशाना बनाया गया, जहां होल्डर- रोमारिओ शेपर्ड की जोड़ी ने 23 रन बटोर लिए। दोनों बल्लेबाज़ों ने दबाव में रहते हुए बेखौफ स्ट्रोक्स खेले और वेस्टइंडीज को मजबूत फिनिश की ओर बढ़ाया।

WI vs SA Super-8 Live: प्रोटियाज पेस अटैक के आगे आधा दर्जन खिलाड़ी पस्त

साउथ अफ्रीका का पेस अटैक इस वक्त पूरी तरह हावी नजर आ रहा है। पावरप्ले के बाद भी वेस्टइंडीज की पारी संभल नहीं पाई और आधा दर्जन बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके हैं। कागिसो रबाडा ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि लुंगी एनगिडी ने अपनी रफ्तार और उछाल से 3 अहम विकेट लेकर कैरेबियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। जबकि एक विकेट कॉर्बिन बॉश ने 1 विकेट अपने नाम किया। 11 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 86/7 है, लेकिन लगातार गिरते विकेट उनकी मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

WI vs SA Super-8 LIVE: पावरप्ले में साउथ अफ्रीका का दबदबा

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पावरप्ले के अंदर ही वेस्टइंडीज पर मजबूत शिकंजा कस लिया है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला प्रोटियाज कप्तान एडन मार्करम के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ, क्योंकि शुरुआती छह ओवरों में वेस्टइंडीज की आधी बल्लेबाजी बिखर गई।

पावरप्ले के अंत तक वेस्टइंडीज का स्कोर 52 रन पर 4 विकेट रहा। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने नई गेंद से शानदार आक्रमण किया। रबाडा ने कप्तान शाई होप और अनुभवी शिमरॉन हेटमायर को पवेलियन भेजकर मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी, जबकि एनगिडी ने आक्रामक दिख रहे ब्रैंडन किंग का अहम विकेट निकालकर वेस्टइंडीज की लय तोड़ दी।

हालांकि ब्रैंडन किंग ने 11 गेंदों पर 21 रन की तेज पारी खेलकर अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन उनके आउट होते ही कैरेबियाई टीम दबाव में आ गई। शुरुआती झटकों के बाद रन गति तो ठीक रही, मगर विकेट गिरने का सिलसिला थम नहीं सका।

पावरप्ले के बाद अब सारा दारोमदार रोवमैन पॉवेल और शरफेन रदरफोर्ड पर है, जबकि साउथ अफ्रीका की नजरें अगले कुछ ओवरों में और विकेट निकालकर मैच पर पूरी तरह पकड़ बनाने पर टिकी हैं।

WI vs SA Super-8 Live: कगिसो रबाडा ने बरपाया कहर

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही है। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने नई गेंद से शानदार आक्रमण करते हुए शुरुआती ओवरों में ही कैरेबियाई टीम को दो बड़े झटके दे दिए। पहले ओवरों में ही ब्रैंडन किंग अपना विकेट गंवा बैठे और कुछ ही देर बाद कप्तान शाई होप भी रबाडा की धारदार गेंद का शिकार होकर पवेलियन लौट गए।

लगातार दो विकेट गिरने से वेस्टइंडीज की रन गति पर असर पड़ा है और मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ गया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम फील्ड पर पूरी तरह हावी नजर आ रही है और शुरुआती सफलता के बाद गेंदबाज लगातार आक्रामक लाइन-लेंथ बनाए हुए हैं।

WI vs SA Super-8 Live: पहले ही ओवर में प्रोटियाज की पिटाई

केशव महाराज ने मुकाबले का पहला ओवर डाला, जो कि बहुत ही महंगा साबित हुआ। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और पहले ही ओवर में अपने जोड़ीदार ब्रैंडन किंग के साथ मिलकर 17 रन ठोक दिए।

WI vs SA Super-8 Live: टॉस अपडेट

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मार्करम ने कहा कि रात के समय ओस की भूमिका अहम हो सकती है और उनकी टीम लक्ष्य का पीछा करने में सहज महसूस करती है।

प्लेइंग XI में बदलाव

दक्षिण अफ्रीका ने अपनी विजयी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं वेस्टइंडीज ने एक अहम फेरबदल करते हुए अकील हुसैन की जगह रोस्टन चेज को अंतिम एकादश में शामिल किया है, जिससे उनकी बल्लेबाजी को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सुपर-8 में दोनों टीमों की शानदार शुरुआत

दोनों टीमें सुपर-8 चरण में जबरदस्त लय में नजर आ रही हैं।

  • दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में भारत को 76 रनों से हराकर टूर्नामेंट में बड़ा संदेश दिया।
  • वहीं वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 107 रनों की विशाल जीत दर्ज कर अपने इरादे साफ कर दिए।

ऐसे में आज का मुकाबला जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचने के बेहद करीब पहुंच जाएगी।

WI vs SA हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं—

  • वेस्टइंडीज ने 14 मैच जीते हैं
  • दक्षिण अफ्रीका के खाते में 12 जीत हैं

हालांकि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पलड़ा प्रोटियाज के पक्ष में झुका रहा है।

  • टी20 वर्ल्ड कप में SA ने WI के खिलाफ 5 में से 4 मैच जीते हैं
  • वेस्टइंडीज की इकलौती जीत 2016 नागपुर में आई थी

किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें?

  • दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक, डेविड मिलर, केशव महाराज और लुंगी एंगिडी
  • वेस्टइंडीज: शाई होप, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर और शिमरॉन हेटमायर

यह मुकाबला सिर्फ दो अंकों की जंग नहीं, बल्कि सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश की लड़ाई है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने के बाद प्रोटियाज ने दबाव वेस्टइंडीज पर डाल दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कैरेबियाई बल्लेबाज इस चुनौती का कैसे सामना करते हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग XI):
एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एंगिडी।

वेस्टइंडीज (प्लेइंग XI):
ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान व विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, रॉस्टन चेस, गुडाकेश मोटी, शमार जोसेफ।

मैच के हर रन, विकेट और मोमेंट के लिए जुड़े रहें…