Ashwani Kumar: कौन हैं मुंबई इंडियंस के नए पेसर अश्वनी कुमार? IPL डेब्यू में ही चटका दिए 4 विकेट

0
11

Who is MI’s Debutant Ashwani Kumar: आईपीएल 2025 के एक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से डेब्यू कर रहे युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने जबरदस्त प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया। 23 वर्षीय अश्वनी ने अपने डेब्यू मैच में ही 4 विकेट झटककर इतिहास रच दिया।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार (31 मार्च 2025) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में अश्वनी ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर अनुभवी बल्लेबाज और केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे को आउट कर IPL करियर की धमाकेदार शुरुआत की।

इसके बाद अश्वनी ने रिंकू सिंह, मनीष पांडे और आंद्रे रसेल जैसे बड़े नामों को भी चलता किया। वह आईपीएल इतिहास में पहले भारतीय गेंदबाज बने जिन्होंने डेब्यू मैच में 4 विकेट लिए। अपने शानदार गेंदबाजी के लिए अश्वनी को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।

कहां से हैं अश्वनी कुमार?

23 वर्षीय अश्वनी कुमार का जन्म मोहाली, पंजाब में हुआ। जानकारी के मुताबिक, वह शेर-ए-पंजाब टी20 टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से चर्चा में आए थे। डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर और पेस वेरिएशन उनकी खासियत मानी जाती है।

आईपीएल 2025 ऑक्शन में एंट्री

मुंबई इंडियंस ने अश्वनी को 30 लाख रुपये के बेस प्राइस में आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी के दौरान खरीदा था। इससे पहले वह पंजाब किंग्स के स्क्वॉड में शामिल थे लेकिन उन्हें 2024 में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।

डोमेस्टिक करियर

  • अश्वनी ने 2022 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से पंजाब के लिए डेब्यू किया था।
  • उन्होंने अब तक इस ट्रॉफी में 4 मैच खेले हैं और 3 विकेट अपने नाम किए हैं।
  • वह 2 फर्स्ट क्लास और 4 लिस्ट ए मैचों में भी पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। और दोनों ही फॉर्मेट में 3-3 विकेट भी लिए हैं।

IPL 2025 में बढ़ी उम्मीदें

मुंबई इंडियंस के लिए यह प्रदर्शन काफी अहम साबित हो सकता है क्योंकि टीम शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी को लेकर संघर्ष कर रही थी। अश्वनी की गति और सटीक लाइन-लेंथ टीम के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है। मुंबई अपने स्क्वाड के नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अलग-अलग मुकाबलों में मौका देकर एक बैलेन्स्ड टीम तैयार कर रही है।