भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के कूल अंदाज के बारे में तो आपने खूब सुना होगा लेकिन वो यारों के यार भी हैं ये एक बार फिर देखने को मिला।
इन दिनों धोनी कोलकत्ता में झारखंड की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं, वहीं उनसे मिलने उनका पुराना दोस्त जा पहुंचा। आपको बता दें धोनी का ये दोस्त कोई क्रिकेटर या बिज़नसमैन नहीं बल्कि एक चाय वाला है। जिसका नाम थॉमस है।
माही ने जैसे ही अपने पुराने दोस्त थॉमस को देखा तो तुरंत उन्हें पहचानते हुए गले लगा लिया। धोनी की इस उदारता को वहां खड़ा हर व्यक्ति बस निहारता रह गया।
धोनी और थॉमस की दोस्ती उन दिनों की है जब धोनी भारतीय क्रिकेट का हिस्सा नहीं बल्कि खड़गपुर स्टेशन पर टीटीई का काम करते थे। उन दिनों धोनी अक्सर थॉमस की चाय की दुकान पर जा कर दिन में कई बार चाय पिया करते थे। वहीं इस मुलाकात ने धोनी को अपने खडगपुर के दिनों की याद दिला दी और थॉमस के लिए तो ये लम्हा कभी न भूलने वाला बन गया।
इस मुलाकात के बाद थॉमस ने कहा कि अब वो अपनी चाय की दुकान का नाम ‘धोनी टी-स्टोल’ रखेंगे।
वैसे तो धोनी बहुत व्यस्त रहते थे लेकिन जब भी उन्हें वक्त मिलता हैं वो अपने पुराने दोस्तों के साथ बाइक पर निकल जाते हैं दोस्तों के साथ ज्यादा समय बिताते हैं उनके इस व्यवहार से किसी के लिए भी समझना मुश्किल हो जाता है कि वो देश के सबसे सफल कप्तान और बेहतरीन खिलाडियों की सूची में चोटी पर हैं। माही आज भी अपने पुराने साथियों से उतनी ही सहजता और गर्मजोशी से मिलते हैं जैसे वो पहले मिलते थे शायद इसी वजह से न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी धोनी के प्रशंसक हैं।
हाल में धोनी के जीवन पर बनीं फिल्म “धोनी द अनटोल्ड स्टोरी” में भी उनके जिंदगी का छोटा सा हिस्सा है जो उनके फैन्स के दिल को छू गया।
धोनी वो नाम है जिन्होंने न केवल अपने खेल से लोगों के दिलों में जगह बनाई बल्कि अपने मिलनसार व्यवहार और कूल अंदाज से लोगों के दिलों को जीत लिया।