T20 World Cup 2026: टी20 क्रिकेट के महाकुंभ की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और ICC Men’s T20 World Cup 2026 के आगाज से ठीक पहले टीमों की तैयारियों पर चोटों की मार पड़ती दिख रही है। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया (Australia national cricket team) को करारा झटका लगा है। अनुभवी तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड (Josh Hazlewood) चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनके बाहर होने की पुष्टि कर दी है, हालांकि फिलहाल उनके रिप्लेसमेंट के नाम का औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।
हेजलवुड को लेकर यह आशंका पहले से बनी हुई थी कि वे पूरी तरह फिट नहीं हैं। टीम प्रबंधन को उम्मीद थी कि वे शुरुआती दौर तक रिकवर कर लेंगे और कम से कम सुपर-8 चरण में उपलब्ध हो जाएंगे, लेकिन हालिया मेडिकल अपडेट्स ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया। फिटनेस में अपेक्षित प्रगति न होने के चलते चयनकर्ताओं ने जोखिम न लेने का फैसला किया और उन्हें बाहर करने का निर्णय लिया।
पहले कमिंस, अब हेज़लवुड—तेज आक्रमण पर दोहरा झटका
ऑस्ट्रेलिया की चुनौतियां इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि इससे पहले टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी पेसर मिचेल स्टार्क सितंबर 2025 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके थे। ऐसे में लगातार तीन सीनियर तेज गेंदबाजों के बाहर होने से कंगारू टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण अचानक कमजोर दिखाई देने लगा है। बड़े टूर्नामेंट में अनुभव की कमी अक्सर भारी पड़ती है, खासकर तब जब मुकाबले बेहद करीबी और दबाव वाले हों।
हेज़लवुड लंबे समय से अपनी चोट से जूझ रहे थे। उन्हें इस उम्मीद के साथ स्क्वॉड में शामिल किया गया था कि वे समय रहते फिट हो जाएंगे, लेकिन रिकवरी टाइमलाइन खिसकती चली गई। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने स्पष्ट कर दिया कि अधूरी फिटनेस के साथ मैदान पर उतारना जोखिम भरा हो सकता है।
रिप्लेसमेंट पर सस्पेंस, लेकिन विकल्प तैयार
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह भी संकेत दिया है कि तत्काल किसी रिप्लेसमेंट का ऐलान जरूरी नहीं समझा गया है। वजह यह है कि ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला कुछ दिन बाद है, जिससे टीम के पास रणनीति तय करने का वक्त मौजूद है। शुरुआती मैच मौजूदा स्क्वाड के साथ खेलने की योजना है और जरूरत पड़ने पर बाद में बदलाव किया जाएगा।
इस बीच, हेज़लवुड के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर सीन अब्बोट सीन एबॉट का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। एबॉट रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ मौजूद हैं। टीम संयोजन के हिसाब से उन्हें मुख्य दल में शामिल किया जा सकता है।
चिंता बरकरार, लेकिन उम्मीद बाकी
ऑस्ट्रेलियाई कैंप में यह भी चर्चा है कि मौजूदा स्क्वाड के कुछ अन्य खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं, हालांकि टीम को भरोसा है कि अगले राउंड तक वे मैच-फिट हो जाएंगे। कुल मिलाकर, कंगारुओं के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है—अनुभव और धार दोनों की कमी एक साथ महसूस हो रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया इन झटकों से कैसे उबरता है और क्या युवा या रिजर्व खिलाड़ी इस मौके को भुना पाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की टीम (Australia Squad): मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा
रिज़र्व खिलाड़ी: सीन एबॉट









