SFU vs WAF MLC 2025: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के तीसरे सीजन की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में हुई है। पहला मुकाबला सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच ओकलैंड कोलिज़ीयम, कैलिफोर्निया में खेला गया, जहां यूनिकॉर्न की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 269 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह MLC के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है।
फिन एलन का ऐतिहासिक तूफान – 151 रन, 51 गेंद, 19 छक्के
इस ऐतिहासिक स्कोर की नींव रखी न्यूजीलैंड के बल्लेबाज़ फिन एलन ने, जिन्होंने केवल 51 गेंदों में 151 रन बना डाले। इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 5 चौके और 19 छक्के जड़े, जो किसी भी फ्रेंचाइज़ी लीग में एक मैच में लगाए गए छक्कों की गिनती में शामिल किए जा सकते हैं। फिन ने दिग्गज सिक्स हिटर क्रिस गेल के 18 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बता दें कि गेल ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2017 के फाइनल मुकाबले में रंगपुर राइडर्स की ओर से खेलते हुए ढाका डायनामाइट के खिलाफ नाबाद रहते हुए 146 रनों (69 गेंद) की पारी में 18 छक्के और 5 चौके जड़े थे।
T20 की एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के
क्रम | खिलाड़ी का नाम | छक्के | विरोधी टीम | वर्ष |
---|---|---|---|---|
1 | फिन एलेन (Finn Allen) | 19 | वॉशिंगटन | 2025 |
2 | क्रिस गेल (Chris Gayle) | 18 | ढाका डायनामाइट्स | 2017 |
3 | साहिल चौहान (Sahil Chauhan) | 18 | साइप्रस | 2024 |
4 | क्रिस गेल (Chris Gayle) | 17 | पुणे वॉरियर्स | 2013 |
5 | पुनीत बिष्ट (Punit Bisht) | 17 | मिजोरम | 2021 |
सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी टूटा
फिन एलन ने महज 34 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो मेजर लीग क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड निकोलस पूरन के नाम था, जिन्होंने MLC 2023 में सीएटल ओर्कास के खिलाफ 40 गेंदों में शतक जड़ा था।
तोड़ा खुद का रिकॉर्ड
इससे पहले भी MLC में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न के ही नाम था, जिन्होंने 2023 में एमआई न्यूयॉर्क के खिलाफ 215 रन बनाए थे। अब इस टीम ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 269 रन बनाकर नई ऊंचाई हासिल कर ली है।
IPL से तुलना
जहां फिन एलन ने MLC में सबसे तेज शतक लगाया है, वहीं अगर इस प्रदर्शन की आईपीएल (IPL) से तुलना करें तो वहां सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड दिगज्ज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ मात्र 30 गेंदों में शतक ठोका था। उस मैच में उन्होंने नाबाद रहते हुए कुल 175 रन बनाए थे, जो सिर्फ आईपीएल का ही नहीं बल्कि किसी भी टी20 फ्रेंचाइज़ी लीग में एक मैच के दौरान बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।