KL Rahul 9th Test Ton: भारतीय टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाज केएल राहुल ने आखिरकार करीब 18 महीनों के लंबे इंतजार के बाद अपना 9वां टेस्ट शतक जड़ दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे हेडिंग्ले टेस्ट में उन्होंने धैर्य और तकनीक के साथ बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की दूसरी इनिंग में 247 गेंदों का सामना किया और 137 रनों की शानदार शतकीय पारी को अंजाम दिया, जिससे भारत की स्थिति मज़बूत हो गई। इस पारी में राहुल ने सधी हुई शुरुआत की थी। पहली पारी में 42 रनों की पारी के बाद दूसरी पारी में उनका बल्ला और भी अधिक आत्मविश्वास से चल रहा था।
पिछले शतक के बाद से इंतजार था लंबा
राहुल ने पिछला टेस्ट शतक 26 दिसंबर 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था और इसके बाद से वह कई बार अर्धशतक तक पहुंचे, लेकिन तीन अंकों का आंकड़ा नहीं छू सके थे। अब उन्होंने इस सूखे को खत्म करते हुए एक बार फिर साबित किया कि वे टेस्ट फॉर्मेट में भारत की बैटिंग लाइनअप का अहम स्तंभ हैं। सिर्फ ओपनिंग ही नहीं बल्कि हर नंबर पर खेलने को तैयार केएल का अब तक का टेस्ट करियर काबिलेतारीफ रहा है।
KL राहुल के टेस्ट करियर के आंकड़े (अब तक)
मैच | पारियां | नॉट आउट | रन | उच्चतम स्कोर | औसत | बॉल फेस | स्ट्राइक रेट | शतक | अर्धशतक | चौके | छक्के | कैच |
---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
59 | 103 | 4 | 3436 | 199 | 34.71 | 6493 | 52.92 | 9 | 17 | 387 | 26 | 74 |
राहुल की यह पारी सिर्फ एक व्यक्तिगत वापसी नहीं बल्कि टीम इंडिया के लिए एक अहम संदेश भी है कि मुश्किल समय में वह टीम को सहारा देने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। इस पारी के साथ केएल राहुल ने टेस्ट करियर में 59 मैचों की 103 पारियों में 3436 रन पूरे कर लिए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 199 है और औसत 34 .71 है। वे 9 शतक और 17 अर्धशतक के साथ एक मजबूत आंकड़ा रखते हैं। इसके साथ ही वह बतौर विकेटकीपर और फील्डर 74 कैच भी लपक चुके हैं।
2014-15 की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने वाले केएल राहुल ने अपने सिर्फ दूसरे ही अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट में, सिडनी के मैदान पर शतक जड़कर ये जता दिया था कि वे रेड बॉल क्रिकेट में लंबी रेस के घोड़े हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनके कुल 9 टेस्ट शतकों में से 4 शतक इंग्लैंड के खिलाफ आए हैं, जिनमें एक यादगार पारी चेन्नई (IND vs ENG, 2016) में खेली गई थी, जो 199 रन पर जाकर थमी थी।
केएल राहुल के टेस्ट शतक
स्कोर | विरोधी टीम | स्थल | वर्ष |
---|---|---|---|
110 (262 गेंद) | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 2015 |
108 (190 गेंद) | श्रीलंका | कोलंबो (PSS) | 2015 |
158 (303 गेंद) | वेस्टइंडीज | किंग्स्टन | 2016 |
199 (311 गेंद) | इंग्लैंड | चेन्नई | 2016 |
149 (224 गेंद) | इंग्लैंड | द ओवल | 2018 |
129 (250 गेंद) | इंग्लैंड | लॉर्ड्स | 2021 |
123 (260 गेंद) | दक्षिण अफ्रीका | सेंचुरियन | 2021 |
101 (137 गेंद) | दक्षिण अफ्रीका | सेंचुरियन | 2023 |
137 (247 गेंद) | इंग्लैंड | लीड्स | 2025 |
SENA देशों में रचा खास इतिहास
सबसे खास बात यह है कि केएल राहुल ने अब SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में नौ बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है, जिससे वे अब इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे भारतीय ओपनर बन गए हैं। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और मुरली विजय की बराबरी कर ली है, जिन्होंने SENA देशों में 9-9 बार 50+ स्कोर बनाए हैं। इस सूची में शीर्ष पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 19 बार 50+ स्कोर बनाए हैं।
KL राहुल की यह उपलब्धि ना सिर्फ उनके करियर के लिहाज से बल्कि भारतीय क्रिकेट की विदेशों में प्रदर्शन करने की परंपरा में भी मील का पत्थर मानी जा रही है। उन्होंने यह दिखा दिया कि अनुभव और तकनीक के दम पर वह अब भी टीम इंडिया के लिए बड़ी पारियों का आधार बन सकते हैं। इंग्लैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यह शतक उनकी मानसिक दृढ़ता और बल्लेबाज़ी की परिपक्वता का उदाहरण है।
यह भी पढ़ें:
SENA देशों में केएल राहुल ने रचा इतिहास, भारत के इन दिग्गज ओपनरों की बराबरी की