IND vs NZ T20 CWC Final Highlights: रविवार शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर एक बार फिर खिताब अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में भारतीय टॉप ऑर्डर ने तूफानी अंदाज दिखाया, जबकि गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 3 टी20 वर्ल्ड कप (2007, 2024 और 2026) जीतकर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया।
न्यूजीलैंड का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला पड़ा भारी
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनके लिए उल्टा पड़ गया। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखा।
भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप के किसी भी फाइनल मुकाबले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
सैमसन-ईशान-अभिषेक का बल्लेबाजी तूफान
भारतीय पारी की नींव शानदार ओपनिंग से पड़ी। अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में कई शानदार चौके और छक्के शामिल रहे।
अभिषेक ने अच्छी पारी खेली लेकिन सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) ने फाइनल में एक यादगार पारी खेली। सैमसन ने सिर्फ 46 गेंदों में 89 रन बनाकर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा दीं।
मध्यक्रम में ईशान किशन (Ishan Kishan) ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन ठोक दिए। इन तीनों बल्लेबाजों की पारियों ने न्यूजीलैंड को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
अंत में दुबे और तिलक ने बढ़ाया स्कोर
पारी के अंतिम ओवरों में शिवम दुबे (Shivam Dube) ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में 26 रन बनाए। वहीं, तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने दूसरे छोर पर टिक कर महत्वपूर्ण योगदान दिया और टीम को 250 के पार पहुंचाने में मदद की।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर पिटाई
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में जेम्स नीशम सबसे प्रभावी रहे। उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटककर कुछ समय के लिए भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार पर ब्रेक लगाने की कोशिश की और टीम इंडिया को थोड़ी देर के लिए दबाव में ला दिया। वहीं कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए संतुलन बनाए रखा। जब बाकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई हो रही थी, तब सैंटनर ने करीब 8.2 की इकॉनमी से रन खर्च कर नियंत्रण बनाए रखा। ग्लेन फिलिप्स ने एक ओवर (5 रन) अच्छा डाला, लेकिन उन्हें और ओवर नहीं दिए गए। हालांकि इनके अलावा बाकी कीवी गेंदबाज खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। मैट हेनरी और रचिन रविंद्र को एक-एक विकेट जरूर मिला, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनकी भी खूब खबर ली और तेजी से रन बटोरे।
बुमराह और अक्षर की घातक गेंदबाजी
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेते हुए उन्हें वापसी का मौका नहीं दिया।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 15 रन देकर 4 विकेट झटके और कीवी बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। उनको अपने इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
स्पिन विभाग में अक्षर पटेल (Axar Patel) ने भी महत्वपूर्ण 3 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी।
सैंटनर और सेफर्ट ने की कोशिश
न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफर्ट (Tim Seifert) ने 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) ने 43 रन बनाए।
हालांकि, इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।
IND vs NZ T20 CWC Final Highlights: टीम इंडिया का दबदबा कायम
भारतीय टीम ने इस मुकाबले में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में आक्रामकता, गेंदबाजी में अनुशासन और फील्डिंग में फुर्ती—इन तीनों ने मिलकर भारत को शानदार जीत दिलाई।
96 रन की इस बड़ी जीत ने फाइनल को एकतरफा बना दिया और टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मुकाबलों में उनका दबदबा बरकरार है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह फाइनल लंबे समय तक यादगार रहेगा, जहां भारतीय टीम ने पूरी ताकत के साथ खेलते हुए टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की।









