IND vs NZ 1st T20I: दो विकेटकीपर के साथ खेलेगी टीम इंडिया ! वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड सीरीज में परखी जाएगी प्लेइंग 11

0
1

IND vs NZ 1st T20I Playing 11: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज आज, बुधवार 21 जनवरी से होने जा रहा है। यह सीरीज कई मायनों में खास है, क्योंकि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया की यह आखिरी द्विपक्षीय टी20 सीरीज मानी जा रही है। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम मैनेजमेंट के लिए यह मंच सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि प्लेइंग-11 को परखने और फाइनल कॉम्बिनेशन तय करने का भी बड़ा मौका है। सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर में खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड की टीम हाल ही में भारत को वनडे सीरीज में 2-1 से शिकस्त देकर आत्मविश्वास के साथ इस टी20 सीरीज में उतर रही है। वहीं, भारतीय टीम की कोशिश रहेगी कि वह अपने मजबूत टी20 रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए सीरीज पर कब्जा जमाए।

चोटों के बाद बदला स्क्वाड, प्लेइंग-11 में होंगे बदलाव

टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को चोटों का सामना करना पड़ा है। तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई को स्क्वॉड में शामिल किया है। हालांकि, सिर्फ स्क्वॉड ही नहीं, बल्कि अंतिम एकादश में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम संयोजन पर खास नजर रहेगी।

सूर्यकुमार यादव पर दबाव, वर्ल्ड कप से पहले खुद को साबित करने का मौका

कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है। साल 2025 में उन्होंने 22 टी20 मुकाबले खेले, लेकिन इस दौरान उनका औसत सिर्फ 14 रहा और एक भी अर्धशतक उनके नाम नहीं आया। यह आंकड़े किसी भी कप्तान और टीम के लिए चिंता का विषय हैं।

हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा था कि वह फॉर्म से नहीं, बल्कि रनों से दूर हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए फॉर्म में लौटने का बेहतरीन मौका है। इस टीम के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी शानदार है, जिसमें नाबाद 111 रन की शतकीय पारी भी शामिल है।

टी20 करियर की बात करें तो सूर्यकुमार यादव ने अब तक 99 टी20 मैचों की 93 पारियों में 2,788 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं। नागपुर टी20 उनका 100वां अंतराष्ट्रीय मैच होगा। यह सीरीज और आगामी वर्ल्ड कप उनके करियर की दिशा तय कर सकते हैं।

क्या मिलेगा श्रेयस अय्यर को मौका?

श्रेयस अय्यर साल 2023 के बाद टी20आई क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। अय्यर को पहले तीन टी20 मैचों के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया है, लेकिन उनका प्लेइंग-11 में उतरना मुश्किल नजर आ रहा है। कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि ईशान किशन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे, यानी कि सूर्यकुमार खुद नंबर-4 पर उतरेंगे। ऐसे में अय्यर के लिए जगह बनाना आसान नहीं है।

दो विकेटकीपर, लेकिन रोल तय

टीम इंडिया इस सीरीज में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों के साथ उतर सकती है। संजू सैमसन ओपनर के तौर पर खेलते नजर आ सकते हैं और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी वही संभालेंगे। वहीं, ईशान किशन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे। हालिया फॉर्म को देखते हुए ईशान का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, खासकर जब उन्हें टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में भी शामिल किया गया है।

प्लेइंग 11 में और कौन-कौन ?

इसके अलावा, ओपनिंग स्लॉट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लगातार प्रभाव छोड़ रहे अभिषेक शर्मा टीम की पहली पसंद बने रहेंगे। हार्दिक पंड्या और उपकप्तान अक्षर पटेल जैसे स्टार ऑलराउंडर टीम के लिए एक्स-फैक्टर माने जाते हैं, ऐसे में उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर रखने का जोखिम टीम मैनेजमेंट शायद ही उठाए।

रिंकू सिंह ने अपने अब तक के छोटे लेकिन प्रभावशाली करियर में फिनिशर के तौर पर खास पहचान बनाई है। निचले क्रम में उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी टीम इंडिया को अतिरिक्त मजबूती देती है। गेंदबाजी संयोजन की बात करें तो टी20 क्रिकेट में मौजूदा समय के नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। स्पिन विभाग में उन्हें दूसरे छोर से कुलदीप यादव का साथ मिल सकता है। हालांकि, अगर टीम प्रबंधन कुलदीप के विकल्प पर विचार करता है तो भारतीय स्क्वॉड में शिवम दुबे जैसे मजबूत ऑलराउंडर भी मौजूद हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। भले ही हाल के मुकाबलों में दुबे का बल्ला शांत रहा हो, लेकिन गेंदबाजी में वह अहम मौकों पर विकेट निकालते रहे हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी, जबकि अर्शदीप सिंह डेथ ओवरों में अपनी सटीक यॉर्कर और स्विंग से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।

संभावित भारतीय प्लेइंग-11 (पहला टी20, नागपुर)

अभिषेक शर्मा,
संजू सैमसन (विकेटकीपर),
ईशान किशन,
सूर्यकुमार यादव (कप्तान),
हार्दिक पांड्या,
रिंकू सिंह,
अक्षर पटेल (उपकप्तान),
वरुण चक्रवर्ती,
कुलदीप यादव,
जसप्रीत बुमराह,
अर्शदीप सिंह

लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग डिटेल्स

टी20 सीरीज के सभी मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। टीवी पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 1 और स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी पर किया जाएगा। मोबाइल और ओटीटी दर्शक जियो हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

भारतीय और न्यूजीलैंड स्क्वाड

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर (पहले तीन मैच), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन, रवि बिश्नोई।

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, बेन लिस्टर, डेरिल मिचेल, एडम मिल्ने, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, इश सोढ़ी, विल यंग। फिलिप्स, रचिन रवींद्र, लॉकी फर्ग्यूसन सहित अन्य।