भारतीय पूर्व कप्तान  महेंद्र सिंह धोनी  क्रिकेट के हिसाब से भले ही ‘बुजुर्गों’ की कतार में शामिल किए जाने लगे हों। भले ही 2019 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर   आलोचक उनकी आलोचना करते हों, लेकिन धोनी की फिटनेस इन सभी आलोचकों के मुंह पर किसी तमाचे से कम नहीं है। धोनी फिटनेस के मामले में टीम इंडिया के युवा खिलाड़ियों को पानी पिलाने के लिए काफी है।

धोनी ने अपनी फिटनेस का सबूत मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले से पहले वॉर्म-अप सेशन के दौरान दिया।  वॉर्म-अप के दौरान हार्दिक पंड्या ने पूर्व कप्तान धोनी को रेस का चैलेंज दिया और माही ने अपने से 12 साल छोटे हार्दिक पंड्या को इस चैलेंज का बखूबी अंदाज में ऐसा जवाब दिया कि हर कोई धोनी का कायल हो गया।

दरअसल, मैच से पहले प्रैक्टिस के दौरान धोनी और हार्दिक के बीच एक रेस हुई। युवा हार्दिक पंड्या इस रेस में सीनियर धोनी के सामने उन्नीस साबित हुए। इन दोनों के बीच ये रेस 100 मीटर की थी और इस रेस का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।

36 साल के धोनी की फिटनेस के बारे में हर कोई जानता है। धोनी अब भी सबसे फिट खिलाड़ियों में से एक हैं। क्रीज पर धोनी की फुर्ती देखते ही बनती है। यही कारण है कि 24 साल के हार्दिक पंड्या भी धोनी से जीत ना सके।

आपको बता दें कि धोनी  के पास मोहाली में दस हजारी बनने का मौका है। धोनी वनडे क्रिकेट में 10,000 रन बनाए से महज 109 रन दूर हैं। धोनी ने अब तक 310 वनडे मैचों में 51.79 की बेहतरीन औसत से 9891 रन बना लिए हैं। जिसमें 10 शतक और 67 अर्धशतक शामिल हैं।

अगर धोनी यह उपलब्धि हासिल कर लेंगे, तो वह वनडे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अब तक भारत की और से सचिन, द्रविड़ और गांगुली यह कारनामा कर चुके हैं।