AFG vs CAN Mohammad Nabi Spell: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने यह साबित कर दिया कि क्रिकेट में उम्र नहीं, बल्कि अनुभव और हुनर बोलता है। चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में गुरुवार को कनाडा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 41 वर्षीय नबी ने ऐसी घातक गेंदबाज़ी की, जिसने इतिहास के पन्नों में उनका नाम दर्ज करा दिया।
नबी ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज़ 7 रन खर्च कर 4 विकेट झटके और कनाडा की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। उनकी इस शानदार गेंदबाज़ी के दम पर अफगानिस्तान ने कनाडा को 118 रन के स्कोर पर रोक दिया और मुकाबला 82 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
सबसे उम्रदराज़ 4-विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ी बने नबी
मोहम्मद नबी ने इस प्रदर्शन के साथ एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वे वनडे और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में 4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी बन गए हैं।
नबी ने यह कारनामा 41 साल और 49 दिन की उम्र में किया, जो किसी भी आईसीसी वर्ल्ड कप (ODI + T20) में अब तक का सबसे उम्रदराज़ 4-विकेट हॉल है।
खास बात यह भी है कि यह स्पेल नबी के टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी प्रदर्शन रहा, जिसने उनकी उपयोगिता को एक बार फिर साबित कर दिया।
अफगानिस्तान के टॉप गेंदबाज़ों में शामिल
इस शानदार प्रदर्शन के बाद मोहम्मद नबी अफगानिस्तान के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी आंकड़ों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने इस मामले में अपने ही अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप ऐसा ही कारनामा स्कॉटलैंड के खिलाफ किया था, जिसमें राशिद ने 9 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
नबी से आगे अब सिर्फ़ फज़लहक फारूकी और मुजीब-उर-रहमान हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप में 5-5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
मोहम्मद नबी के T20I करियर के आंकड़े
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी के लिहाज से मोहम्मद नबी का करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 152 मैचों की 138 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 2482 गेंदों में 109 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4 रन देकर 7 विकेट का रहा है। नबी का गेंदबाजी औसत 27.77 और इकॉनमी रेट 7.31 रहा है, जो यह दिखाता है कि वे न सिर्फ विकेट लेने में सक्षम हैं, बल्कि रन रोकने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उनके नाम टी20I क्रिकेट में चार बार चार विकेट हॉल दर्ज है, जो उन्हें अफगानिस्तान के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी स्पिन गेंदबाजों में शामिल करता है।
क्या रहा मैच का हाल ?
इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी की और 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से इब्राहिम ज़दरान ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 56 गेंदों पर 95 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। मोहम्मद नबी की फिरकी के आगे कनाडाई बल्लेबाज़ पूरी तरह बेबस नज़र आए और पूरी टीम 118 रन तक ही पहुंच सकी। प्लेयर ऑफ द मैच भले ही जादरान को मिला, लेकिन फैंस का दिल मोहम्मद नबी ने जीता।
अनुभव की जीत
इस मुकाबले ने साफ कर दिया कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव की अहमियत कितनी होती है। मोहम्मद नबी की यह गेंदबाज़ी न सिर्फ़ अफगानिस्तान की जीत की नींव बनी, बल्कि आने वाले मुकाबलों के लिए टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा गई।
41 साल की उम्र में भी नबी का यह प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देता है कि अगर जज़्बा और फिटनेस हो, तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।









