गुजरात की राजनीति में आज बड़ी हलचल है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर राज्य में भाजपा की सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कुल 16 मंत्रियों ने यह कदम उठाया है। सूत्रों के अनुसार, यह फैसला कैबिनेट का विस्तार करने की तैयारी के चलते लिया गया है। नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार दोपहर 12:39 बजे आयोजित किया जाएगा।
नए मंत्रियों की संभावना
सूत्रों की मानें तो वर्तमान मंत्रियों में से लगभग 5 को नए कैबिनेट में बनाए रखने की संभावना है, जबकि कई पुराने चेहरों को हटाया जा सकता है। इसके अलावा 16 नए नेताओं को कैबिनेट में शामिल किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। नई कैबिनेट में दो महिला नेताओं को मंत्री बनाने की संभावना भी है। कुल मिलाकर, मंत्रिपरिषद 20 से 23 सदस्यों वाली हो सकती है।
कैबिनेट गठन के नियम
गुजरात की वर्तमान मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कुल 17 मंत्री शामिल हैं। इनमें 8 कैबिनेट स्तर के और 8 राज्य मंत्री हैं। विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं, और नियम के अनुसार मंत्रियों की संख्या अधिकतम 15 प्रतिशत यानी 27 तक हो सकती है।
इस साल की शुरुआत में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल की जगह गुजरात भाजपा अध्यक्ष का पद संभाला था। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।