“…घर में एकता बनी रहती है तो इंसान बाहर कठिन परिस्थितियों से लड़ लेता है”, रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर बोले चिराग पासवान

0
0

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने के फैसले पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। चिराग ने कहा कि वह इस मुद्दे पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन लालू प्रसाद यादव के परिवार को उन्होंने हमेशा अपना परिवार माना है।

चिराग पासवान ने कहा, “हमारे राजनीतिक मतभेद जरूर हैं, लेकिन मैंने हमेशा लालू प्रसाद यादव के परिवार को अपना परिवार माना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि यह पारिवारिक विवाद जल्द सुलझे। घर में एकता बनी रहती है तो इंसान बाहर कठिन परिस्थितियों से लड़ लेता है।”

चिराग के इस बयान से साफ है कि उन्होंने राजनीतिक मतभेदों से परे जाकर पारिवारिक एकता की बात कही है और रोहिणी आचार्य के फैसले को व्यक्तिगत मुद्दा मानते हुए संयमित प्रतिक्रिया दी है।

इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। इसके बाद प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का यह प्रदर्शन मेहनत और जनता के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने इसे रामविलास पासवान के सपने की पूर्ति बताया।

चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने 2020 में अपने पिता से सीख लेकर राजनीति में कदम रखा था और 2024 में एनडीए के साथ रहते हुए पांच सांसद जीतने में सफलता मिली। उन्होंने आगे कहा कि 2025 में शून्य विधायक वाली पार्टी का 29 सीटों पर पहुंचना स्वयं में ऐतिहासिक उपलब्धि है।

चिराग पासवान ने आरजेडी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरजेडी का पतन 2005 से ही शुरू हो गया था, और इसके पीछे कारण उनका अहंकार है। चिराग के अनुसार, मुख्यमंत्री के सहयोग के कारण आरजेडी को कुछ समय तक लाभ मिलता रहा, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।