रक्षाबंधन का पर्व इस बार शनिवार, 9 अगस्त को मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर देश के कई राज्यों में महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। कुछ राज्यों में ये सुविधा दो दिन, तो कुछ जगहों पर तीन दिन तक लागू रहेगी। पंजाब और कर्नाटक जैसे राज्यों में पहले से ही महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा मौजूद है, जबकि दिल्ली की डीटीसी बसों में यह सुविधा केवल दिल्ली की महिलाओं को मिलती है।
आइए जानते हैं कि रक्षाबंधन पर कहां-कहां महिलाओं को फ्री बस सेवा का लाभ मिलेगा:
उत्तर प्रदेश: तीन दिन फ्री यात्रा
CM योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक महिलाएं यूपीएसआरटीसी और नगर बस सेवा की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। त्योहार के दौरान शहरी और ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त बसें चलाई जाएंगी।
हरियाणा: महिलाओं और बच्चों को दो दिन की छूट
हरियाणा में महिलाएं और 15 वर्ष तक के बच्चे 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की रात तक हरियाणा रोडवेज की साधारण, दिल्ली और चंडीगढ़ रूट की बसों में फ्री ट्रैवल कर सकेंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के बाद लिया गया।
राजस्थान: दो दिन की सुविधा
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने 9 और 10 अगस्त को राज्य परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। यह पहली बार है जब दो दिन तक महिलाओं को यह सुविधा मिलेगी। पहले यह केवल रक्षाबंधन के दिन तक सीमित थी।
चंडीगढ़: ट्राइसिटी में फ्री सेवा
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) और सीसीबीएसएस की एसी और नॉन-एसी लोकल बसों में मोहाली, पंचकूला और चंडीगढ़ की महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह छूट लंबी दूरी की बसों पर लागू नहीं होगी।
उत्तराखंड: हर साल की तरह इस बार भी फ्री
उत्तराखंड में रक्षाबंधन पर राज्य परिवहन निगम की बसों में महिलाएं और छोटे बच्चे मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह परंपरा हर साल की तरह इस बार भी जारी रहेगी।
कर्नाटक, पंजाब, दिल्ली: पहले से लागू फ्री सेवा
इन राज्यों में पहले से ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री यात्रा की सुविधा है। इसलिए रक्षाबंधन के दिन भी महिलाएं फ्री में सफर कर सकेंगी।
मध्य प्रदेश: फ्री बस सेवा के साथ मिलेगा रक्षाबंधन बोनस
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड और इंदौर नगर निगम ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा देने की घोषणा की है। साथ ही, सीएम मोहन यादव ने लाडली बहनों को रक्षाबंधन बोनस भी दिया है:
- 9 अगस्त को 1500 रुपये की 27वीं किश्त
- साथ में 250 रुपये रक्षाबंधन शगुन के तौर पर
- 28 लाख बहनों को गैस सिलेंडर के लिए 43.90 करोड़ रुपये भी ट्रांसफर किए गए।