टहलना सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। डॉक्टर और फिटनेस एक्सपर्ट्स भी हर दिन वॉक करने की सलाह देते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे किसी भी उम्र के लोग आसानी से कर सकते हैं। नियमित रूप से वॉक करने से शरीर स्वस्थ रहता है और बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। लेकिन गर्मी के मौसम में इसका समय और तरीका बेहद अहम हो जाता है। चिलचिलाती धूप में वॉक करने से फायदे के बजाय नुकसान हो सकता है। यह स्थिति हार्ट की सेहत के लिए भी ठीक नहीं मानी जाती। इसलिए मौसम के अनुसार वॉक का समय तय करना बहुत जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं गर्मियों में वॉक करने के लिए क्या है सबसे उपयुक्त समय।
जून में सुबह 7 से 8 बजे के बीच ही सूरज की तपिश काफी तेज हो जाती है। यह वक्त वॉक के लिए बिल्कुल सही नहीं कहा जा सकता क्योंकि शरीर पर इसका नकारात्मक असर हो सकता है।
गर्मी में कब करें वॉक?
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में वॉक का समय सुबह 5 से 7 बजे के बीच होना चाहिए। इस दौरान तापमान थोड़ा संतुलित रहता है और धूप भी इतनी तेज नहीं होती। इसके बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, तापमान बढ़ता जाता है और धूप में टहलना हानिकारक साबित हो सकता है। यदि आप देर से वॉक करने निकलते हैं तो सुनिश्चित करें कि वह जगह छायादार हो। विकल्प के तौर पर आप एयर कंडीशन्ड जिम में एक्सरसाइज कर सकते हैं।
गर्मी में वॉक की अवधि कितनी होनी चाहिए?
तेज गर्मी में बहुत लंबे समय तक वॉक या एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस मौसम में 30 से 40 मिनट की सामान्य गति से वॉक करना पर्याप्त होता है। इससे ज्यादा समय वॉक करना शरीर को थका सकता है और इसकी सेहत पर उल्टा असर पड़ सकता है।
ज्यादा वर्कआउट से हो सकता है खतरा
गर्मी के समय शरीर पहले से ही पसीने से तर-बतर होता है। इस स्थिति में अधिक व्यायाम करना शरीर की कार्यप्रणाली पर दबाव डाल सकता है। व्यायाम के दौरान शरीर का तापमान और बढ़ जाता है, जिससे शरीर को सामान्य तापमान बनाए रखने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। पसीना अधिक निकलने से इलेक्ट्रोलाइट्स का असंतुलन भी हो सकता है, जो कि स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारियां केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। APN NEWS इस जानकारी की प्रमाणिकता की गारंटी नहीं देता है।