KOLKATA DOCTOR RAPE-MURDER CASE : कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिए CBI जांच के आदेश, कहा – जल्द सौंपे दस्तावेज…

0
9
KOLKATA DOCTOR RAPE-MURDER CASE : कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिए CBI जांच के आदेश, कहा- तुरंत सौंपे दस्तावेज...
KOLKATA DOCTOR RAPE-MURDER CASE : कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिए CBI जांच के आदेश, कहा- तुरंत सौंपे दस्तावेज...

KOLKATA DOCTOR RAPE-MURDER CASE : बीते शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में डॉक्टर के साथ हुई रेप और हत्या की घटना ने पूरे देश को महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। कैन्डल मार्च और देशव्यापी डॉक्टरों की हड़ताल के बीच अब खबर आ रही है कि कलकाता हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही हाई कोर्ट ने पुलिस को सभी दस्तावेज तुरंत सीबीआई को सौंपने को कहा है।

इसके अलावा, हाई कोर्ट ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को इस्तीफा देने के बाद दूसरे अन्य कॉलेज का प्रिंसिपल बनाने पर ममता सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

हाई कोर्ट ने डॉक्टरों से हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया

कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल पुलिस को इस केस से जुड़े सभी सभी दस्तावेज कल यानी बुधवार (14 अगस्त) की सुबह 10 बजे तक सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कोर्ट ने प्रोटेस्ट कर रहे डॉक्टरों से हड़ताल को खत्म करने का आग्रह किया। हाई कोर्ट ने कहा, “वह उनका ‘पवित्र दायित्व’ है।”

मालूम हो कि पीड़ित डॉक्टर के घर जाकर परिजनों से मिलने के बाद पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर कोलकाता पुलिस रविवार तक केस को सुलझाने में असफल रहती है तो इस मामले को केन्द्रीय जांच एजेंसी यानी सीबीआई को दे दिया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि महिला ट्रेनी डॉक्टर का शव शुक्रवार (10 अगस्त) की सुबह को सेमिनार रूम में मिला था। घटना के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो अस्पताल में वॉलंटियर के रूप में काम करता था। उसे डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोपी बताया जा रहा है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आने के बाद से ही देशभर में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है।

KOLKATA DOCTOR RAPE-MURDER CASE : देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल

दिल्ली के एम्स समेत महाराष्ट्र, केरल और देश के कई राज्यों में डॉक्टरों (खासकर रेसीडेंट्स डॉक्टरों) ने हड़ताल का ऐलान किया है, केवल आपातकालीन सेवाएं चालू हैं। एफएआईएमए (फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन) ने आज (13 अगस्त मंगलवार) से देश भर में हड़ताल का एलान किया था। इसमें देश भर में ओपीडी सेवाओं को बंद करने की बात कही गई थी। वहीं, इससे पहले एफओआरडीए (फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन) के द्वारा घोषणा की गई थी कि देशभर में हड़ताल की जाएगी। डॉक्टरों की मांग है कि उन्हें सुरक्षा और न्याय मिले। उन्होंने, आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही है।