दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली के पहाड़गंज के एक होटल में छापा मारकर 39 लड़कियों को देह व्यापार के दलदल में फंसने से बचा लिया। वेश्यावृत्ति के लिए इन लड़कियों को नेपाल से लाया गया था। दिल्ली महिला आयोग इन लड़कियों को नेपाल वापस भेजने के लिए नेपाली दूतावास से संपर्क कर रहा है। बता दें कि एक सप्ताह में आयोग 73 लड़कियों को छुड़ा चुका है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया कि इन लड़कियों को नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली लाया गया था। उन्होंने बताया कि वे नेपाल के भूकंप प्रभावित इलाकों से हैं। ज्यादातर लड़कियां भूकंप के दौरान अपना परिवार खो चुकी हैं।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आधी रात को पहाड़गंज के एक होटल में पुलिस के सहयोग से दबिश देकर 39 लड़कियों को बचाया।
मंगलवार को ही दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके से भी 16 नेपाली और 2 भारतीय लड़कियों को एक तस्कर गिरोह के चंगुल से छुड़ाया गया था। इन 18 लड़कियों को देश से बाहर भेजने की तैयारी चल रही थी। कुछ दिन पहले आयोग ने दिल्ली के मुनीरका इलाके से कई नेपाली लड़कियों को देह व्यापार के चंगुल में फंसने से बचाया था।
मंगलवार शाम बनारस पुलिस ने दिल्ली महिला आयोग की मदद से मैदानगढ़ी के घर में छापा मारकर 18 लड़कियों को छुड़ाया। जिस घर से इन्हें छुड़ाया गया, वहां से 68 पासपोर्ट मिले हैं, जिनमें 61 नेपाली और 7 भारतीय के हैं। लड़कियों को शेल्टर होम भेज दिया गया है।
बता दें कि, इन लड़कियों को बचाने के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने खुद इस रेस्क्यू ऑपरेशन को संभाला और होटल से सभी लड़कियों को सुरक्षित निकाला है। इस तरह की घटना दिल्ली में लगातार देखने को मिल रही है।