दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते दो दिनों से चल रही तेज हवाओं ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा और धूप में हल्की तपिश महसूस की जा सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने की संभावना है। 7 से 11 मार्च के बीच बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि इस दौरान हवाएं 6 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहेंगी।
पंजाब-हरियाणा में बढ़ी ठंड, राजस्थान-गुजरात में भी असर
मध्य प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज़ रफ्तार से चल रही हैं, हालांकि आने वाले दिनों में इनकी गति थोड़ी धीमी हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
किन इलाकों में होगी बारिश?
लक्षद्वीप और केरल में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राजस्थान और गुजरात में अधिकतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। मुंबई में गर्मी का प्रकोप जारी है, लेकिन 8 से 11 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा के पैटर्न में बदलाव आ सकता है।
उत्तर प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा?
यूपी के कुछ हिस्सों में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल राज्य में बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, तमिलनाडु में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है। गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, कोकरनाग, कुपवाड़ा और बारामूला के ऊपरी इलाकों में हाल ही में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, श्रीनगर और आसपास के इलाकों में भी बीते 24 घंटों के दौरान बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश के मनाली में भी भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।