उत्तराखंड में बड़ा ब्यूरोक्रेटिक फेरबदल, चार जिलों के जिलाधिकारियों समेत 31 IAS, 1 IFS, 1 सचिवालय सेवा और 24 PCS का ट्रांसफर

0
19

उत्तराखंड सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए नौकरशाही में व्यापक बदलाव किए। इस बदलाव में 31 IAS, 1 IFS, 1 सचिवालय सेवा और 24 PCS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसमें चार जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, साथ ही कई वरिष्ठ सचिवों और अपर सचिवों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

बदले गए जिलाधिकारी, इन अधिकारियों को मिला नया कार्यभार

  • पौड़ी के डीएम आशीष चौहान को यूकाडा का सीईओ और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण नियुक्त किया गया है। उनकी जगह स्वाति एस भदौरिया, जो अब तक अपर सचिव राज्यपाल व तकनीकी शिक्षा और एनएचएम की मिशन निदेशक थीं, को पौड़ी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
  • चंपावत के डीएम नवनीत पांडे को अपर सचिव कार्मिक बनाया गया है। उनकी जगह मनीष कुमार, जो अब तक ऊधमसिंह नगर के सीडीओ थे, को चंपावत का डीएम बनाया गया है।
  • रुद्रप्रयाग के डीएम सौरभ गहरवार को सिडकुल का प्रबंध निदेशक और उद्योग विभाग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। प्रतीक जैन अब रुद्रप्रयाग के नए डीएम होंगे।
  • उत्तरकाशी के डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव ऊर्जा और निदेशक उरेडा बनाया गया है, जबकि प्रशांत कुमार आर्या को उत्तरकाशी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

सचिव स्तर पर भी बड़े बदलाव

  • मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को जलागम विभाग से मुक्त कर दिया गया है।
  • सचिव वित्त दिलीप जावलकर को जलागम विभाग सौंपा गया है, जबकि सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे से पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी हटा दी गई है।
  • सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सहकारिता विभाग का कार्यभार मिला है।
  • सचिव चंद्रेश यादव को खाद्य आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं डॉ. आर राजेश कुमार से सिंचाई विभाग हटा दिया गया है।
  • सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल को पर्यटन विभाग सौंपा गया है।

PCS अधिकारियों में व्यापक फेरबदल

  • कुल 24 PCS अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें भरत सिंह फिरमाल को सचिवालय सेवा में, अशोक कुमार जोशी को निदेशक दुग्ध विकास, त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को आरएफसी कुमाऊं, रजा अब्बास को अपर नगर आयुक्त देहरादून, और शैलेंद्र नेगी को एडीएम नैनीताल बनाया गया है।
  • इसके अलावा कई डिप्टी कलेक्टर और नगर आयुक्त स्तर के अफसरों को भी एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया गया है।

सरकार द्वारा किया गया यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यक्षमता और जवाबदेही को मजबूत करने की मंशा से प्रेरित बताया जा रहा है। ट्रांसफर लिस्ट में प्रदेश भर के सभी महत्वपूर्ण जिले और विभाग शामिल हैं, जिससे आने वाले दिनों में प्रशासनिक फैसलों और कार्यों पर इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।