देश को जिस पल का इंतजार करीब 17 वर्षों से था, वह अब हकीकत बन गया है। 26/11 मुंबई हमलों से देश को दहला देने वाले आतंकवादी तहव्वुर राणा (Tahawwur Rana) को आखिरकार भारत लाया जा चुका है। गुरुवार को NIA और RAW की एक संयुक्त टीम उसे अमेरिका से दिल्ली लेकर आई। रात होते ही उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। जहां NIA ने 20 दिनों की कस्टडी की मांग की, लेकिन कोर्ट ने 18 दिन की रिमांड ही मंजूर की।
अब आने वाले 18 दिन राणा के लिए बेहद कठिन साबित हो सकते हैं क्योंकि NIA इस दौरान उससे एक-एक बात जानने की कोशिश करेगी। जांच एजेंसी पहले से ही अपनी रणनीति तैयार कर चुकी है और उससे पूछे जाने वाले सवालों की लिस्ट भी बना ली गई है।
ये हैं तहव्वुर राणा से पूछे जाने वाले 17 सवाल:
- वह 8 से 21 नवंबर 2008 के बीच भारत क्यों आया था?
- इस दौरान उसने भारत में किन-किन स्थानों का दौरा किया और किन लोगों से मुलाकात की?
- क्या उसे मुंबई हमले की जानकारी पहले से थी?
- डेविड कोलमैन हेडली से उसकी पहचान कब और कैसे हुई?
- उसने हेडली को फर्जी वीजा पर भारत भेजने की वजह क्या थी?
- हेडली ने भारत में किन स्थानों का दौरा किया?
- दोनों के बीच क्या बातचीत होती थी?
- मुंबई हमले में उसकी और हेडली की भूमिका क्या थी?
- हेडली ने रेकी में किस तरह से मदद की?
- लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद से उसके संबंध क्या थे?
- वह पहली बार हाफिज सईद से कब और कहां मिला?
- मुंबई हमले में मदद के बदले उसे लश्कर से क्या मिला?
- हाफिज सईद के अलावा वह लश्कर में और किन लोगों को जानता है?
- क्या पाकिस्तान की सेना और ISI ने हमलों में सहयोग किया?
- डॉक्टर होने के बावजूद उसने आतंक की राह क्यों पकड़ी?
- ISI से उसका परिचय हेडली ने कराया या उसने हेडली को मिलवाया?
- क्या मुंबई के अलावा कुछ और भी टारगेट तय थे?
क्या तहव्वुर सच बोलेगा?
जांच एजेंसी की पूरी कोशिश रहेगी कि तहव्वुर राणा से हर सवाल का जवाब निकाला जा सके, ताकि उसकी भूमिका साफ तौर पर सामने आ सके। हालांकि ये भी साफ है कि राणा इतनी आसानी से अपना जुर्म नहीं मानेगा और खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करेगा। अब देखना होगा कि NIA उससे कितनी सच्चाई उगलवा पाती है और कौन-कौन से पर्दे पीछे से हटते हैं।