राजस्थान शिक्षा विभाग ने महिलाओं को फिट रहने का अनोखा तरीका बताया है जिसे सुन कर आपको अजीबो गरीब तो लगेगा पर उसमें कुछ खास और नया भी नहीं है। राज्य के शिक्षा विभाग ने अपनी पत्रिका में महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए झाड़ू-पोछा और चक्की पीसने की सलाह दी है। इस लेख के तहत फिट रहने के 14 सलाह दिए गए हैं। इसके बाद से इसकी हर तरफ आलोचना हो रही है।
राजस्थान शिक्षा विभाग की मासिक पत्रिका शिविरा के ताजा संस्करण में कहा गया है कि हाथों से अनाज पीसने और पानी भरने से महिलाएं सेहतमंद रह सकती हैं। बता दें कि राजस्थान सरकार की ‘शिविरा’ पत्रिका मुख्य रूप से स्कूल टीचर्स पर फोकस है। इसमें शिक्षा और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी बातें प्रकाशित होती हैं। इस पत्रिका में ‘स्वस्थ रहने के सरल उपाय’ नाम से छपे एक लेख में इसे प्रकाशित किया गया है। इसमें महिलाओं को इन तरीकों का पालन करके स्वस्थ रहने की सलाह दी गई है। साथ ही उन्हें फिट और स्वस्थ रहने के 14 उपाय बताए गए हैं।
लेख में लिखा गया है कि अगर महिलाएं योग न कर सकें तो वह घर काम कर के भी स्वस्थ रह सकती हैं। लेख में लिखा है, स्वस्थ रहना है तो सुबह-सुबह टहलना जरूरी है। टहलने के अलावा दौड़ना, साइकिल चलाना या कोई भी खेलकूद, व्यायाम के अच्छे उपाय हैं। महिलाएं चक्की पीसना, रस्सी कूदना, पानी भरना, झाड़ू पोछा लगाना आदि घर के कामों में भी अच्छा व्यायाम कर सकती हैं। रोज थोड़े समय छोटे बच्चों के साथ खेलना, 10-15 मिनट खुलकर हंसना भी अच्छा व्यायाम होता है।
लेख में दूसरे सारे बिंदुओं में लिंग आधारित सलाह नहीं दी गई है लेकिन तीसरे पार्ट में घरेलू कामों खासकर महिलाओं को केंद्रित किया गया है। इसके बाद से राजस्थान सरकार की खूब किरकिरी हो रही है। हर तरह इसका विरोध हो रहा है। कहा जा रहा है कि शायद ही कोई ऐसा शिक्षा विभाद होगा जो स्वस्थ रहने के लिए ऐसे उपाय बताता होगा।