कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को हिंसा प्रभावित सहारनपुर का दौरा करने वाले हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश पुलिस और जिला प्रशासन ने राहुल गांधी को दौरे पर जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। वहीं कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि प्रशासन की इजाजत ना मिलने के बावजूद राहुल गांधी सहारनपुर जाएंगे।
एडीजी (लॉ एंड आर्डर) आदित्य मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी को सहारनपुर जाने की अनुमित नहीं है। बता दें कि सहारनपुर जिले में पिछले कई दिनों से हिंसा भड़की हुई है। इस हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं।
सहारनपुर में तनाव को देखते हुए यूपी पुलिस ने नेताओं के सहारनपुर दौरे पर रोक लगा दी है। दरअसल, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) मुखिया मायावती का सहारनपुर दौरा करने के बाद फिर से हिंसा भड़क गई थी। इसी वजह से पुलिस ने नेताओं के दौरे पर रोक लगा दी है।
वहीं कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के. राजू ने कहा, ‘प्रदेश सरकार अपराधियों को पाल पोस रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद है, क्योंकि उन्हें यकीन है कि प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगा। अपराधियों को लगता है कि एक खास समुदाय का होने की वजह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें बचा लेंगे।’
साथ ही राजू ने यह भी कहा कि एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह दलितों को सुरक्षा मुहैया कराएं।
मायावती मंगलवार को पीड़ितों के परिजनों से मिलने शब्बीरपुर गांव पहुंचीं थी। मायावती ने पीड़ितों को पार्टी फंड से मुआवजे की बात कही थी। मायावती ने कहा था जिनके घर जले हैं, उन्हें 50 हजार रुपये और घायलों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी।
जातीय हिंसा में तनाव की वजह से सहारनपुर में इंटरनेट, मैसेज और सोशल मीडिया सर्विस पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।