5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से तीन राज्य राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। लेकिन कांग्रेस के लिए मुश्किल चुनाव जीतने से कम मुख्यमंत्री चुनने में भी नहीं है।

तीनों राज्यों में किसे मुख्यमंत्री चेहरा बनाया जाए। यह मुकाबला राजस्थान और मध्यप्रदेश में कहीं ज्यादा रोचक है।

राजस्थान और मध्यप्रदेश में बुधवार को हुई विधायक दल की बैठक हुई। जिसमें चर्चा के बाद अंत में फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया। जिसके बाद आज राहुल राजस्थान और मध्यप्रदेश के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे।

बताया जा रहा है कि राजस्थान में सीएम पद की दौड़ में चल रहे अशोक गहलौत और सचिन पायलट दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। वे गुरुवार को साढ़े 9 बजे राहुल गाँधी से मुलाकात करेंगे। जिसके बाद राहुल मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए जबर्दस्त घमासान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन तीनों राज्यों में हर राज्य के मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी शीर्ष पसंद बताने को कहा है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक अंदरूनी संदेश मंच (एप) का उपयोग करते हुए गांधी ने उन्हें ऑडियो संदेश भेजा है और उन्होंने उनसे अपने-अपने राज्यों में मुख्यमंत्रियों के चयन के लिए फीडबैक मांगा है।

बार-बार इस संबंध में जानने का प्रयास किये जाने के बावजूद पार्टी प्रवक्ताओं ने इस संदेश और उसके मजमून पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

यह संदेश कब भेजा गया है, उसका सटीक समय भी नहीं पता चल पाया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां अनेक पार्टी कार्यकर्ताओं को यह संदेश भेजा गया है।

इन तीनों राज्यों में से प्रत्येक में मुख्मयंत्री पद के लिए एक से अधिक नाम सामने आने के कारण गांधी ने अपने संदेश में कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की पसंद सीधे उन तक पहुंचनी चाहिए और इसके बारे में किसी भी अन्य को पता नहीं चलना चाहिए।

इस संबंध में पार्टी के एक वरिष्ठ विधायक ने भी शक्ति एप से ऐसा संदेश मिलने की पुष्टि की। यह एप कांग्रेस प्रमुख पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here