प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल कैडेट कोर (NCC) की रैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर भ्रष्टाचार पर निशाना साधा और कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ आज भी लड़ाई जारी है। भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी व्यक्ति अब बच नहीं पाएगा।
मोदी ने कहा, “पहले लोगों को लगता था कि भ्रष्टाचार के मामलों में अमीरों और ताकतवर लोगों को नहीं छुआ जाता है। लेकिन, आज तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में बंद हैं। कौन कहता है कि ईश्वर के यहां न्याय नहीं है, अब कोई बचने वाला नहीं है।’
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ लड़ाई भारत के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है और यह लड़ाई नहीं रुकेगी। एक समय था जब भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी और लोग मानते थे कि बड़े-बड़े लोगों का कुछ नहीं होता है। लेकिन अब चीजें बदल गई हैं। अब तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। भ्रष्टाचार के प्रति नफरत का भाव समाज में पैदा हो गया है। सिर्फ भ्रष्टाचार से नफरत करने, रोष प्रकट करने से काम नहीं चलेगा। फिर तो लड़ाई लम्बी चलानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि वह न तो वोट मांग रहे हैं और न ही राजनीतिक मंच से कुछ कह रहे हैं। पीएम ने कहा कि मैं आपसे भारत को भ्रष्टाचार रूपी दीमक से मुक्ति दिलाने की अपील कर रहा हूं। वहीं प्रधानमंत्री ने एनसीसी कैडेटों समेत युवाओं से अपने मोबाइल पर भीम ऐप डाउनलोड करने और डिजिटल लेनदेन करने की अपील की। उन्होंने इस संबंध में पारदर्शिता लाने में आधार की भूमिका का भी जिक्र किया।
गौरतलब है कि चारा घोटाले में बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव और जगन्नाथ मिश्र जेल में हैं, वहीं हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला भी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं।