प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह तीन देशों की यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। इसमें अमेरिका, पुर्तगाल और नीदरलैंड शामिल है। प्रधानमंत्री अपने इस आधिकारिक दौरे में सबसे पहले यूरोपीय देश पुर्तगाल जाएंगे। फिर वहां से अमेरिका के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वह नीदरलैंड की यात्रा कर भारत लौटेगें। प्रधानमंत्री की ये तीनों यात्रा विदेश नीति के तहत काफी अहम् मानी जा रही है। पुर्तगाल की यात्रा इसलिए अहम् है क्योंकि 17 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री पुर्तगाल जा रहा है, इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी पुर्तगाल दौरे के लिए गए थे।

इसी के साथ सबसे अहम् यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा मानी जा रही है। इसकी खास वजह यह है कि अमेरिकी सत्ता पलटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली अमेरिकी यात्रा होगी। जहां बराक ओबामा नरम और उदारवादी व्यक्तित्व के व्यक्ति थे वहीं ट्रंप कट्टरवादी सोच के माने जाते हैं। ऐसे में मोदी से उनकी मुलाकात भारत-अमेरिकी रिश्ते का भविष्य तय करेगा। बता दें कि प्रधानमंत्री दोपहर को लिस्बन पहुंचेगे जहां वह भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद शाम 5:50 बजे वह अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।

प्रधानमंत्री अमेरिका दौर के बाद नीदरलैंड जाएंगे जहां नीदरलैंड के प्रधानमंत्री समेत वह कई कंपनियों के सीईओ से मिलेंगे। नीदरलैंड के प्रति भारत की विदेश नीति ये है कि भारत-नीदरलैंड के रिश्ते और मजबूत हो और वहां की कंपनियां भारत में निवेश करें। नीदरलैंड में भी प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे। बता दें कि इससे पहले नीदरलैंड के प्रधानमंत्री जून 2015 में भारत दौरे के लिए आए थे और उस समय भी नीदरलैंड की 100 से अधिक कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक विशाल कारोबारी शिष्टमंडल भी आया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here