देश में बढ़ती बेरोजगारी और लॉकडाउन के कारण अलग – अलग तरह से लोगों को लूटा जा रहा है। इसी तरह का खुलासा उत्तराखंड की एसटीएफ ने किया है। एसटीएफ ने नोएडा से 250 करोड़ की ठगी मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात तो यह है कि, 250 करोड़ की ठगी महज 4 महीने के भीतर की गई है। कंपनी 15 दिन के भीतर पैसा डबल करने का झासा देकर 50 लाख लोगों को चुना लगा चुकी है।
चीन की स्टार्टअप योजना के तहत बने ऐप से ठगी को अंजाम दिया गया। देश के करीब 50 लाख लोगों द्वारा इस ऐप को डाउनलोड किया जा चुका है। इस ऐप के जरिये लोगों को 15 दिन में पैसे डबल होने का लालच दिया जाता था। ठगी में 15 दिन में पैसा दोगुने करने के लिए पहले लोगों से पॉवर बैंक ऐप को डाउनलोड करने को कहा जाता था।
इस कांड का खुलासा कुछ यू हुआ कि, हरिद्वार के रहने वाले एक व्यक्ति ने पैसे डबल करने के लिए ऐप को डाउनलोड किया और 90 हजार फिर 72 हजार पैसे जमा कराए। पीड़ित व्यक्ति से वादा किया गया था कि, 15 दिन के भीतर पैसे दोगुना हो जाएंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। जिसके बाद व्यक्ति ने पुलिस मे शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जब मामले की छान-बीन करने लगी तो पता चला कि, इस मामले में करीब 50 लाख लोगों का पैसा डूब चुका है। वहीं 250 करोड़ की ठगी हुई है।
उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में एक बड़ी बात सामने आई कि ठगी करने वाले विदेशी निवेशकों द्वारा भारत के बिजनेसमैन को कमीशन का लालच देकर एक ऐप के जरिये लोगों को लोन देने की बात करते थे। बाद में इसमें बदलाव कर लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर पैसे निवेश किया जाने लगा। पैसा एक ही खाते में डलवाकर भारत के लोगों के खातों में डलवाया गया। शुरुआत में कुछ लोगों का पैसा वापस भी दिया गया।
उत्तराखंड के एडीजी अभिनव कुमार ने प्रेस वार्ता के जरिए बताया कि, इस कांड में चीनी ऐप का इस्तेमाल किया गया है। कई विदेशी कंपनियों का नाम भी सामने आ रहा है। जिन विदेशी कंपनियों का नाम सामने आया है उनके दूतावास से संपर्क कर के उनकी जानकारी जमा की जा रही है।