
Maharashtra Gas Leak: महाराष्ट्र के पालघर जिले के तारापुर-बोईसर औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। एक दवा कंपनी में गैस लीक होने से चार कामगारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा बुधवार (21 अगस्त) दोपहर 2:30 से 3 बजे के बीच हुआ।
दवा कंपनी में अचानक गैस का रिसाव
यह घटना मेडली फार्मा नामक कंपनी में हुई, जहां एल्बेंडाजोल दवा बनाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक नाइट्रोजन गैस का रिसाव हो गया। गैस लीक होते ही कारखाने में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी काम छोड़कर बाहर भागे, लेकिन कुछ इसकी चपेट में आ गए और वहीं बेहोश हो गए।
चार की मौत, दो ICU में भर्ती
घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार कर्मचारियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य कर्मचारी रोहन शिंदे और निलेश हाडल की हालत गंभीर है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है।
स्थानीय कर्मचारियों ने संभाला हालात
गैस लीक की जानकारी मिलते ही कंपनी के ही कर्मचारियों ने रिसाव पर काबू पाने की कोशिश की और हालात पर नियंत्रण पाया। बताते चलें कि घटना के बाद से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
पिछले महीने कर्नाटक में हुआ था हादसा
गौरतलब है कि हाल ही ( 12 जुलाई, 2025) में कर्नाटक के मंगलुरु जिले की मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) में भी जहरीली गैस लीक हुई थी, जिसमें दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा, ऑयल मूवमेंट सेक्शन (OMS) डिवीजन के टैंक में खराबी की जांच के दौरान हुआ था।