माता वैष्णो देवी यात्रा पर ब्रेक, अर्धकुंवारी में भूस्खलन, रेस्क्यू जारी

0
8
माता वैष्णो देवी मार्ग पर हादसा
माता वैष्णो देवी मार्ग पर हादसा

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से माता वैष्णो देवी के दर्शनों पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। सोमवार रात से शुरू हुई तेज़ बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे पहले हिमकोटि मार्ग को बंद किया गया और मौसम में सुधार न होने पर पूरे यात्रा मार्ग को कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया गया।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे, यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। साथ ही यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल बोर्ड की आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की गई है।

बाढ़ का खतरा कई जिलों में

भारी वर्षा के कारण रावी नदी पर बने रंजीत सागर डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, सांबा और उधमपुर जिलों में 27 अगस्त सुबह 5:30 बजे तक मध्यम से तेज बाढ़ की आशंका जताई है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी हो रही है। प्रशासन ने सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। इमरजेंसी की स्थिति में हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करने को कहा गया है।

बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र के लिए मंगलवार (26 अगस्त) को रेड अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि कई जगहों पर अत्यधिक वर्षा हो सकती है। सुबह 8:30 से दोपहर 1:00 बजे के बीच जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में रिकॉर्ड बारिश हुई।

  • जम्मू: 93 मिमी
  • सांबा: 136 मिमी
  • कठुआ (बुर्मल): 97.5 मिमी
  • रियासी: 84 मिमी
  • भद्रवाह: 92 मिमी

नदियां उफान पर

लगातार बारिश से प्रदेश की नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ना स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात कर दी गई हैं।