इंडिगो एयरलाइंस की सेवाओं में जारी अव्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उड़ानों में लगातार आ रही बाधाओं को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने कंपनी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है। वहीं इस हालात के बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि दिल्ली से अधिकांश उड़ानें तय समय पर संचालित हो रही हैं, हालांकि सोमवार (8 दिसंबर) को 200 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।
दिल्ली एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर ऑपरेशन सुचारू रूप से चल रहे हैं। कुछ उड़ानें रद्द या रीशेड्यूल हो सकती हैं। हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार मेहनत कर रही है। सभी यात्री अपनी फ्लाइट की अपडेट एयरलाइन से लेते रहें।”
इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द
सोमवार को दिल्ली से 234 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि मुंबई एयरपोर्ट से 9 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। मुंबई से चंडीगढ़, नागपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा और दरभंगा जाने वाली उड़ानें प्रभावित रहीं। इसके अलावा दिल्ली से बनारस, इंदौर, हैदराबाद, विजयवाड़ा और जम्मू जाने वाली कई सेवाओं को रद्द कर दिया गया।
दिल्ली-मुंबई मार्ग पर भी असर
रिपोर्ट के अनुसार निम्नलिखित रूटों की उड़ानें कैंसिल की गईं—
दिल्ली से:
बनारस
इंदौर
विजयवाड़ा
अहमदाबाद
मुंबई से:
चंडीगढ़
नागपुर
बेंगलुरु
हैदराबाद
गोवा
दरभंगा
कोलकाता
भुवनेश्वर
DGCA का नोटिस, जवाब के लिए बढ़ाई समय सीमा
इंडिगो में हो रही इन लगातार बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स और जवाबदेही प्रबंधक इस्द्रो पोर्क्वेरास को ‘शो-कॉज नोटिस’ भेजा था। दोनों अधिकारियों को अपना जवाब दाखिल करने के लिए सोमवार शाम 6 बजे तक अतिरिक्त 24 घंटे का समय दिया गया है। पिछले छह दिनों से उड़ानों में भारी अव्यवस्था जारी है, जिसके चलते हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएँ प्रभावित हुई हैं।









