देशभर में लोग होली का पर्व मना रहे हैं। रंगों से सराबोर लोग एक दूसरे को रंग लगान के लिए खोज रहे हैं। भारत में कोरोना के माहौल में जनता दूसरी होली मना रही है। कोरोना का खतरा देश में बढ़ते ही जा रहा है। वहीं खबर आई है कि, बेंगलुरु के एक पब में 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
होली को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही राहुल गांधी और मायावती समेत अन्य राजनेताओं ने बधाइयां दी हैं। सभी ने होली के समय कोरोना से बचने की सलाह दी है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी को होली की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “होली के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। रंगों का त्योहार होली, सामाजिक सौहार्द का पर्व है और लोगों के जीवन में खुशी, उत्साह व आशा का संचार करता है। मेरी कामना है कि उमंग और उल्लास का यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विविधता में निहित राष्ट्रीय चेतना को और शक्ति प्रदान करे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “आप सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं। आनंद, उमंग, हर्ष और उल्लास का यह त्योहार हर किसी के जीवन में नए जोश और नई ऊर्जा का संचार करे।”
इसी कड़ी में गृहमंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को होली की बधाइयां दीं हैं। अमित शाह ने लिखा है- समस्त देशवासियों को ‘होली’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंग-उमंग, एकता और सद्भावना का यह महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और सौभाग्य लाए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देश की जनता को होली की बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि, “असत्य पर सत्य की विजय के महोत्सव, महापर्व होली की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी होली के त्योहार पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है- ‘हमारे देश की विविधताओं के सभी रंगों के त्यौहार होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें- सुरक्षित रहें।
बसपा सुप्रीमों मायावती ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। समाजवादी पार्टी के उत्तराधिकारी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सभी को बधाई दी है।