पूर्वोत्तर में मूसलधार बारिश का कहर जारी, दिल्ली-UP में भी बरस सकते हैं बादल; जानें देशभर का मौसम हाल

0
6
पूर्वोत्तर में मूसलधार बारिश का कहर जारी, दिल्ली-UP में भी बरस सकते हैं बादल; जानें देशभर का मौसम हाल
पूर्वोत्तर में मूसलधार बारिश का कहर जारी, दिल्ली-UP में भी बरस सकते हैं बादल; जानें देशभर का मौसम हाल

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। असम में 22 जिलों के 5.5 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि मणिपुर की इंफाल घाटी और आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। स्थिति से निपटने के लिए सेना राहत कार्यों में जुटी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, देश के अन्य हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ रही है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में भी बरसेंगे बादल

4 से 7 जून के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।

हिमाचल की बर्फबारी ने बढ़ाई रौनक

जहां एक ओर पूर्वोत्तर में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश की बर्फबारी सैलानियों के लिए राहत लेकर आई है। रोहतांग पास में हुई ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। आने वाले दिनों में हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।

दिल्ली में येलो अलर्ट, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

दिल्ली में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए बताया कि राजधानी के कुछ इलाकों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जाफरपुर, नजफगढ़ और आईजीआई एयरपोर्ट जैसे इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 6 जून के बाद मौसम साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है।

यूपी के कई जिलों में भी बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के कई जिलों—जैसे प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, जौनपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर और आजमगढ़—में आज आंधी और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।

अन्य राज्यों का मौसम हाल

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के आसार हैं। वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।