भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच एक अहम कूटनीतिक सफलता मिली है। दोनों देशों ने शनिवार को पूर्ण और तत्काल युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति व्यक्त की है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर 12 बजे पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद दोनों पक्षों में वार्ता हुई और सीजफायर समझौता तय हुआ, जो आज शाम 5 बजे से लागू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब 12 मई को दोनों देश एक फिर से इस मुद्दे पर बात करेंगे।
अमेरिका की मध्यस्थता में हुआ समझौता!
इस बीच, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस समझौते की पुष्टि की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “संयुक्त राज्य अमेरिका की पहल पर भारत और पाकिस्तान के बीच कई घंटों की गहन बातचीत हुई, जिसके बाद अब दोनों देश पूर्ण और तात्कालिक युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह शांति की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
ट्रंप के अनुसार, यह पहल अमेरिका की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका के तहत संपन्न हुई है, जो क्षेत्र में स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह समझौता ऐसे समय में आया है जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाकिस्तान के संबंध अत्यंत तनावपूर्ण हो गए थे। युद्धविराम की यह सहमति दोनों देशों के बीच संवाद और शांति की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।