देश में HMPV के केस बढ़े: 30% मामले महाराष्ट्र से, जानें किन-किन राज्यों में फैला संक्रमण

0
17
देश में HMPV के केस बढ़े
देश में HMPV के केस बढ़े

चीन के बाद भारत में ह्यूमन मेटापेन्यूमोवायरस (HMPV) के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में मुंबई के पवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में 6 महीने की बच्ची में HMPV संक्रमण का मामला सामने आया है। इसके साथ ही भारत में अब तक इस वायरस के कुल 8 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें बेंगलुरु, नागपुर और तमिलनाडु में दो-दो तथा अहमदाबाद और मुंबई में एक-एक केस सामने आया है।

कोविड-19 जैसा नहीं है HMPV

चीन में HMPV संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बाद भारत में लोग इसे लेकर सतर्क हो गए हैं। हालांकि, कुछ लोगों ने इसकी तुलना कोविड-19 से करनी शुरू कर दी है। इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि HMPV कोई नया वायरस नहीं है। इसे पहली बार 2001 में पहचाना गया था और यह सालों से दुनियाभर में फैल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार चीन में बढ़ते मामलों पर नजर बनाए हुए है और घबराने की जरूरत नहीं है।

मुंबई में 6 महीने की बच्ची संक्रमित

मुंबई में HMPV से संक्रमित 6 महीने की बच्ची 1 जनवरी को अस्पताल में भर्ती की गई थी। उसे गंभीर खांसी, सीने में जकड़न और ऑक्सीजन स्तर गिरने की समस्या हो रही थी। रैपिड पीसीआर टेस्ट से पुष्टि हुई कि बच्ची HMPV से संक्रमित है। उसे आईसीयू में ब्रोंकोडायलेटर्स दवाओं से उपचार दिया गया और 5 दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

बीएमसी स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि उन्हें इस मामले की रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन इन्फ्लूएंजा और गंभीर श्वसन संक्रमण की निगरानी बढ़ा दी गई है। डॉक्टर्स का कहना है कि HMPV मुख्य रूप से बच्चों और बुजुर्गों को प्रभावित करता है, लेकिन यह कोविड जैसी महामारी का कारण नहीं बन सकता।

HMPV के लक्षण

ह्यूमन मेटापेन्यूमोवायरस (HMPV) एक ऐसा वायरस है, जो फेफड़ों और श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है। यह सामान्य सर्दी या फ्लू जैसे लक्षण पैदा कर सकता है। पहले से बीमार या एलर्जी से ग्रस्त व्यक्तियों में इसका संक्रमण आमतौर पर देखा जाता है।

महाराष्ट्र सरकार ने दी आश्वासन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अन्य राज्यों में HMPV के मामलों के बावजूद लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही स्थिति को लेकर विस्तृत परामर्श जारी करेगी।