देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। भारी बारिश की वजह से मुंबई के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश की वजह से अंधेरी स्टेशन के करीब एक फुट ओवरब्रिज का हिस्सा गिर जाने से वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है। इस हादसे में 5 लोगों के घायल होने की खबर है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है।

वहीं सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए घाटकोपर स्टेशन से कुछ ट्रेनों के रूट को बढ़ा दिया है।  गोखले ब्रिज अंधेरी ईस्ट और  अंधेरी वेस्ट को एक-दूसरे से जोड़ता है। मंगलवार सुबह अचानक इस फुट ओवर ब्रिज का हिस्सा गिर गया। वहीं, इस हादसे के बाद लोकल सेवा पर असर पड़ा है। अंधेरी इलाके से लोकल ट्रेनों के संचालन को बंद किया गया है। विले-पार्ले लाइन पर भी लोकल देरी से चल रही है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि ब्रिज के टूटने के बाद ट्रैफिक को रोका गया है। मुंबई पुलिस के ट्वीट में कहा गया है, ‘अंधेरी ईस्ट और वेस्ट को जोड़नेवाले गोखले ब्रिज का हिस्सा टूटकर ट्रैक पर गिरने से ओवरहेड (ओएचई) वायरों को भी नुकसान पहुंचा है। वेस्टर्न लाइन पर ट्रेन सेवा प्रभावित हुई है। बीएमसी, फायर ब्रिगेड के अलावा रेलवे सुरक्षाबल (आरपीएफ) के कर्मचारी भी मौके पर सहायता के लिए मौजूद हैं। ओवर ब्रिज के ऊपर और नीचे यातायात को अभी रोक दिया गया है।’

Heavy rains hit Mumbai, a part of the Railway Bridge dropped in Andheri, 5 injured

आरपीएफ के एक अधिकारी आर. कुडवल्कर ने कहा कि हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ‘ब्रिज के मलबे के नीचे किसी और के दबे होने की उम्मीद नहीं है। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और मलबे को हटाने का काम जारी है। उम्मीद है कि अगले चार घंटे में रेलवे इस मार्ग पर सेवाओं का परिचालन शुरू कर देगी।’

वहीं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई ब्रिज हादसे को लेकर रेल सेफ्टी कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैँ। गौरतलब है कि मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस आफत की बारिश से सड़क यातायात प्रभावित है। इधर गोखले ब्रिज हादसे के कारण मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है।