कश्मीर में सेना के जवानों के साथ हो रहे बर्ताव की हालत किसी से छुपी नहीं है। बीते बुधवार को सेना के जवानों के साथ मारपीट की एक वीडियो वायरल हुई है इसमें कश्मीर के कुछ लोग सेना के जवानों के साथ काफी बुरा बर्ताव करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही कश्मीर के लोगों के खिलाफ आक्रोश का माहौल बन गया है।

कश्मीरी युवाओं द्वारा अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ हो रही इस बदसलूकी के खिलाफ भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने अपना गुस्सा ट्विटर के जरिए जाहिर किया है। हालांकि आईपीएल टूर्नामेंट के चलते गौतम गंभीर व्यस्त चल रहे हैं लेकिन फिर भी उन्होंने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए एक समाचार वेबसाइट की खबर को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया। गौतम गंभीर ने गुस्सा बयां करते हुए लगातार तीन ट्ववीट किए हैं। गंभीर ने लिखा कि जो भी आजादी की मांग कर रहे हैं, वह यहां (इस देश) से चले जाएं, कश्मीर हमारा है। गंभीर ने अपने ट्वीट के साथ #kashmirbelongs2us हैशटैग का भी प्रयोग किया। गौतम गंभीर ने ट्वीट में लिखा कि हमारी सेना के जवानों को मारे एक-एक थप्पड़ के बदले 100 जिहादी मारे जाएंगे, जो भी आजादी चाहते हैं, वे यहां से चले जाएं।

गौतम गंभीर ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि भारत का विरोध करने वाले भूल गए हैं कि हमारे झंडे के तीन रंगों का क्या अर्थ है। केसरीया- हमारे क्रोध की आग है, सफेद- जिहादियों के लिए कफन, हरा – आंतक के खिलाफ द्वेष है। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए दो और ट्वीट किए। गौतम गंभीर के बाद टीम इंडिया के ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी ट्वीट करके इस घटना की निंदा की। सहवाग ने अपने ट्विटर हैंडल पर कश्मीर में हुई इस घटना का एक विडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘यह अस्वीकार्य है। हमारे सीआरपीएफ जवानों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं किया जा सकता। इसे रोकना होगा। बदतमीजी की हद है। सहवाग ने इस घटना का 2 मिनट 10 सेकंड का वीडियो भी शेयर किया।

बता दें कि वायरल हुए इस वीडियो में कश्मीर के युवक जवानों के साथ मारपीट कर रहे हैं। साथ ही युवक ‘इंडिया गो बैक’ के नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं।