रामजन्म भूमि आन्दोलन के प्रमुख नेताओं में से एक, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अध्यक्ष विष्णुहरि डालमिया का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया। वह 91 साल के थे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। डालमिया राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे।
बुधवार सुबह उन्होंने अपने गोल्फ लिंक स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय तक मथुरा स्थित भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान के प्रबंधन्यासी भी रहे। गायों और दरिद्र नारायण की सेवा में जीवनपर्यंत उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया था।
डालमिया को पिछले महीने ही दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि बुधवार को उनका पार्थिव शरीर शाम 3 बजे तक उनके निवास 18 गोल्फ लिंक, नई दिल्ली पर रखा जाएगा।
इसके बाद शाम 4.30 बजे दिल्ली के निगमबोध घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विष्णु हरि डालमिया 1979 में विहिप से जुड़े रहे और फिर उपाध्यक्ष, कार्याध्यक्ष के बाद 2005 तक अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इतना ही नहीं, वे राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे।
91 वर्षीय विष्णुहरि डालमिया अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विहिप द्वारा 90 के दशक में चलाए गए राम मंदिर आन्दोलन के अगुआ नेता थे। 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद सरकारी पक्ष की ओर से दर्ज कराए गए मामले में उन्हें भी सह-अभियुक्त बनाया गया था।