उत्तर भारत में शुष्क मौसम के बीच तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाओं के प्रभाव से राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, अरुणाचल और सिक्किम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी ठंड बनी हुई है, जिससे दिन के समय भी कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है।
18 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, 18 फरवरी तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान पछुआ हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। 16 फरवरी के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में शुक्रवार को तेज धूप रही और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। शनिवार, 15 फरवरी को राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल बारिश का अनुमान नहीं है, लेकिन 18 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
यूपी, बिहार और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में 19 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। बिहार में पछुआ हवाओं की वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस के करीब है। वहीं, राजस्थान में तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसमें बाड़मेर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। 17 से 20 फरवरी के बीच पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश के संकेत हैं।
हरियाणा-पंजाब के किसानों के लिए अलर्ट
हरियाणा और पंजाब में तेज हवाओं के कारण किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि गेहूं की फसल की सिंचाई फिलहाल न की जाए, क्योंकि तेज हवाओं से पानी जल्दी सूख सकता है। 18 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने और बारिश की संभावना बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर में शीतलहर और बर्फबारी की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रभाव बरकरार है। मौसम विभाग ने बर्फबारी और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। 20 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और तापमान के माइनस में पहुंचने की संभावना है। पहलगाम में तापमान माइनस 5 डिग्री, श्रीनगर में माइनस 4 डिग्री और कुपवाड़ा में माइनस 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है और मार्च में तापमान तेजी से बढ़ सकता है।