Eid 2022: बात ईद के खास मौके की हो और दस्तरखान पर मीठी फिरनी, बिरयानी और शीर खुरमा न हो, तो त्योहार मनाने का मजा ही नहीं आएगा। लिहाजा मीठी ईद के मौके पर इन खास व्यंजनों को बनाकर आप अपने अजीजों और मेहमानों को दावत दे सकते हैं। ये डिशेज बनाने में आसान होने के साथ ही समय भी कम लेती हैं। आइये जानते हैं इन्हें बनाने का तरीका।


Eid 2022: दिल और जुबां कह उठेगी वाह! गुलाबी फिरनी
मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट इला का कहना है कि ईद का खास मौका गुलाबी फिरनी के बिना अधूरा है। यहां हम दो लोगों के लिए सामग्री बता रहे हैं। आप अपने मेहमानों को ध्यान में रखकर सामग्री ले सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको चाहिए 1 कप बासमती चावल, शुगर सिरप, 750 मिलीलीटर दूध की जरूरत होगी।
करीब 5 से 10 केसर के धागे और आधा चम्मच इलायची पाउडर। वहीं, गुलाब जल और पिस्ता भी ले लें।कुछ देसी गुलाब के पत्ते, हेल्दी मिठास के लिए एक चौथाई कप अगावे सिरप या फिर शहद और गुड़ का इस्तेमाल अपने स्वादानुसार करें।
विधि: सबसे पहले लगभग साढ़े 3 गिलास दूध को बर्तन में उबाल लें। उसमें एक कप भिगाए हुए चावल में एक चौथाई कप पानी मिलाकर पीस लें। ध्यान रहे कि चावल का हमें पेस्ट नहीं बनाना है बल्कि इसे दानेदार रखें।
अब इस चावल के मिश्रण को दूध में मिला दें। इसके बाद 5 से 10 केसर स्ट्रैंड्स मिलाएं और आधा चम्मच इलायची पाउडर डालें। इसके बाद इसे मध्यम आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकाएं। उसके बाद इसमें एक चम्मच गुलाबजल और थोड़ा पिस्ता मिलाएं। ठंडा होने पर परोसें।

Eid 2022: मीठी सेवइयां

ईद बिना सेवई के अधूरी है। मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट इला बतातीं हैं कि मीठी सेवई हर उम्र के लोग खूब पसंद करते हैं। यहां दो से तीन लोगों के लिए सामग्री बताई जा रही है। आपको चाहिए 150 ग्राम सेवई, 1 कप चीनी (स्वादानुसार), 3-4 छोटी चम्मच देसी घी, इलायची दाना,2 चम्मच बादाम कतरन,2 चम्मच किशमिश,2 चम्मच काजू टुकड़ी,2 कप पानी। आवश्यकतानुसार पिस्ता कतरन या गिरी की कतरन और बादाम गार्निश के लिए
विधि: एक पैन में घी गर्म करें, पिघलने पर सेवइयां डालें। अब सेवइयों के हल्के भूरे होने तक सेंकते रहें। कुछ मिनट के बाद इसमें दूध मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।
आप चाहें तो कंडेंस दूध भी इस्तेमाल कर सकतीं हैं। अब इसे करीब पांच मिनट तक अच्छी तरह पकाइये। इसे हिलाते रहें, ताकि ये बर्तन पर चिपके नहीं। इसके बाद चीनी मिलाएं और इसे घुलने दें। किशमिश डाले और हिलाएं। इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें। अब बाउल में डालकर काजू, बादाम और पिस्ता से गार्निश करें।
संबंधित खबरें
- Eid 2022 Mehndi Design: ईद के मौके पर हाथों में लगाएं खूबसूरत मेहंदी, यहां से लें लेटेस्ट डिजाइन
- Eid Al Fitr 2022: कब मनाया जाएगा ईद का त्योहार? यहां जानें इसका महत्व और इतिहास