लाख कोशिशों के बाद भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। एक बार फिर आतंकियों ने जम्मू कश्मीर को निशाना बनाया है। जिसमें आतंकियों से लोहा लेते हुए सीआरपीएफ के 10 जवान घायल हो गए हैं। तो वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस के दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के आतंकियों ने जम्मू कश्मीर में दो स्थानों को निशाना बनाया। पुलवामा के कोर्ट परिसर में बने पुलिस गार्ड पोस्ट पर सुबह आतंकियों ने हमला कर दिया, जिसमें 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गए और तीन जवानों के घायल होने की सूचना है।

तो वहीं दूसरी ओर अनंतनाग में सुबह करीब 3 बजे आतंकियों ने सीआरपीएफ के एक दल पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में 10 जवानों को मामूली चोटें आई हैं। घायल जवानों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आतंकी पुलिसकर्मियों के हथियार लेकर फरार हो गए हैं। हमले की जगह को खाली करा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

घायल जवानों के नाम

  1. पांडा राम
    2. बूटा सिंह
    3. सुभाष
    4. विजय कुमार
    5. नरवीर सिंह
    6. जीत राम
    7. मनबिंदर
    8. रामधन
    9. हरिशंकर
    10. पूरन चन्द्रा
    11 अजाज अहमद

विदित है कि केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर सरकार की मांग को मानते हुए रमजान महीने के दौरान शांति बनाए रखने के लिए आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन पर रोक लगा दी थी। लेकिन इस फैसले के बाद से जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाएं पहले के मुकाबले ज्यादा हो गई हैं। इससे पहले रविवार को कुपवाड़ा जिले में ऐसी ही एक आतंकी कोशिश को नाकाम करते हुए सुरक्षाबलों ने 6 आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। आतंकियों ने केरन सेक्टर में घुसपैठ करने की कोशिश की थी।