सूबे में क्राइम ठमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार और पुलिस प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद अपराधी सरेआम उत्पात मचा रहे हैं और जनता में डर व्यापत है। अब मेरठ में सरेआम हत्या का मामला सामने आया है। मामला मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के सोरखा गांव का है। जहां दिन दहाड़े बदमाशों ने मां-बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा डाली। हत्या के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पहले बेटे की हत्या की गई, इसके बाद खाट पर एक अन्य महिला के साथ लेटी बात कर रही वृद्ध मां को अपराधियों ने गोली मार दी। सीसीटीवी में वृद्ध महिला को गोली मारने का वीडियो कैद हो गया है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं। हालांकि  मामले में एडीजी ने कहा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि पुरानी रंजिश के कारण तीन बदमाशों ने एक घर पर हमला किया  है। यहां पहले बेटे को गोली मारी गई। इसके बाद मां को गोली मार दी गई। वारदात अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए आरोपी खेतों से होकर फरार हो गए।

वीडियो में जिस महिला की हत्या हुई है, उसके बगल में एक और महिला बैठी है जो मौके से फरार हो जाती है, नहीं तो शायद बदमाश उसे भी गोली मार देते। पुलिस सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।