बिहार के नालंदा जिले में एक चलती बस में आग लग गई। यह बस राजधानी पटना से शेखपुरा जा रही थी। इस घटना में आठ लोगों के जिन्दा जल जाने की खबर मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतकों की संख्या और ज्यादा हो सकती है।

यह घटना तब हुई जब बस हरनौत बाज़ार पहुंची। कुछ लोगों का मानना है कि यह घटना शार्ट सर्किट की वजह से हुई। जबकि कुछ लोगों ने बताया कि बस के इंजन पर कोई ज्वलनशील पदार्थ रखा हुआ था जिसमे आग लग गई। जानकारी के मुताबिक बस में कार्बाइड और गैस सिलिंडर भी लदा हुआ था। इस घटना में 20 से ज्यादा लोगों के जख्मी होने की भी खबर है।

महज कुछ सेकंड के भीतर आग के गोले में तब्दील हुई बस से निकलने का मौका भी यात्रियों को नहीं मिला। आगे बैठे यात्रियों में कुछ यात्री बचने में सफल रहे जबकि पीछे के हिस्से में बैठे यात्री आग और धुंए के गुबार में फंस कर काल के गाल में समां गए। आग में बुरी तरह जली लाशों को देख कर यह पता लगाना भी मुश्किल था कि मृतक महिला है या पुरुष।

आग ने इतनी जल्दी भयावह रूप लिया कि स्थानीय लोगों की हिम्मत भी जवाब दे गई और वह बस के करीब भी नहीं जा सके। स्थानीय लोगों ने बस में लगी आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उनकी सारी कोशिश बेकार गई। बाद में मौके पर पहुंची अग्निशमन दस्ते की टीम ने आग पर काबू पाया।

घटना के बाद पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की। जख्मी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पटना रेफर कर दिया गया है। बस में कुल 45-50 यात्रियों के सवार होने का अनुमान है। घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने इस घटना पर शोक जताते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।

[vc_video link=”https://www.youtube.com/watch?v=wuRJZdUTzZo” title=”यहाँ देखें वीडियो-“]

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here