Unnati Tomar-Digvijay Singh Rathee Controversy: एमटीवी स्प्लिट्सविला (MTV Splitsvilla) 15 फेम और बिग बॉस 18 (Big Boss 18 ) के कंटेस्टेंट दिग्विजय सिंह राठी और उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड उन्नति तोमर (MTV Splitsvilla and Playground 2 Fame) के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि इसमें एक नया ट्विस्ट सामने आ गया है। हाल ही में उन्नति ने दिग्विजय के फैंस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वे उनके एआई-जेनरेटेड अश्लील वीडियो लीक करने की साजिश रच रहे हैं। इस विवाद के चलते दोनों के रिश्ते में पहले से मौजूद कड़वाहट और बढ़ गई है।
उन्नति तोमर ने लगाए दिग्विजय के फैंस पर आरोप
उन्नति तोमर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कुछ चैट के स्क्रीनशॉट शेयर किए, जिसमें कथित रूप से दिग्विजय सिंह राठी के फैंस उनके अश्लील वीडियो लीक करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने इस पोस्ट के साथ लिखा, “अगर ऐसा कुछ भी हुआ, तो मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी।” इसके साथ ही उन्होंने इस स्टोरी में दिग्विजय और दिल्ली पुलिस को भी टैग किया।
पहले भी लगा चुकी हैं गंभीर आरोप
यह पहली बार नहीं है जब उन्नति ने दिग्विजय पर निशाना साधा है। इससे पहले उन्होंने दिग्विजय पर धोखाधड़ी और कई लड़कियों के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था। उन्होंने, कुछ व्हाट्सएप चैट भी लीक किए, जिसमें यह दावा किया गया था कि दिग्विजय कई लड़कियों के साथ अफेयर में थे। इन चैट्स को शेयर करने के दौरान दिग्विजय का फोन नंबर भी लीक हो गया था, जिससे उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि इसपर उन्नति ने माफी मांगी थी।
दिग्विजय सिंह राठी ने दी सफाई
इस पूरे विवाद के बाद दिग्विजय सिंह राठी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और एक्स गर्लफ्रेंड उन्नति तोमर पर पलटवार किया। उन्होंने, इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट कर अपने बयान में कहा, “मैंने हमेशा हर किसी की प्राइवेसी को महत्व दिया है, यही कारण है कि मैंने शो से पहले और बाद में चुप रहना चुना। मैंने अपने परिवार की शांति को प्राथमिकता देते हुए कभी किसी विवाद में शामिल नहीं हुआ और कोई इंटरव्यू भी नहीं दिया।”
दिग्विजय ने आगे कहा, “दुर्भाग्य से, आज के दौर में पर्सनल बाउंड्रीज का कोई सम्मान नहीं बचा है। किसी का निजी नंबर लीक करना बिल्कुल गलत है। हमें एक ऐसा माहौल बनाना चाहिए जहां हम एक-दूसरे का सम्मान करें और सकारात्मकता को बढ़ावा दें।”
दिग्विजय की स्टोरी पर उन्नति का रिएक्शन
दिग्विजय की स्टोरी के स्क्रीनशॉट को उन्नति ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लगाकर रिएक्शन देते हुए कहा, “हैलो दोस्तों, महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं। जो कुछ भी कल हुआ, उस ढंग से नहीं होना चाहिए था। मैं उसे बदल नहीं सकती, लेकिन किसी ने कहा कि हमें शांति चाहिए और मैंने उसका सम्मान किया। मैंने उस गलती के लिए माफी भी मांगी, जिससे नंबर लीक हो गया था। मेरे पास कोई PR टीम नहीं है, कोई ऐसी टीम नहीं है जो ये सब संभाले। जो कुछ भी हो रहा है, मैं चाहती हूं कि अब यह सब बंद हो जाए। मुझे नहीं पता, एक लड़की से ये क्या चाहते हैं? वो लोग, जिनके 2 मिलियन फॉलोवर्स हैं, इनके द्वारा मुझे क्यों निशाना बनाया जा रहा है?”
क्या होगा इस विवाद का अंजाम?
इस मामले ने सोशल मीडिया पर भारी चर्चा छेड़ दी है, जहां कुछ लोग उन्नति तोमर का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ दिग्विजय सिंह राठी के फैंस उनके बचाव में उतर आए हैं।
अब देखना यह होगा कि क्या उन्नति इस मामले में कानूनी कदम उठाती हैं, या फिर यह विवाद सोशल मीडिया तक ही सीमित रहेगा। दूसरी ओर, दिग्विजय इस मुद्दे को नजरअंदाज कर आगे बढ़ेंगे या अपनी छवि बचाने के लिए कोई और कदम उठाएंगे? इसका जवाब आने वाले समय में मिलेगा।