सलमान खान और मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के बीच हुआ पुराना विवाद एक समय बॉलीवुड की बड़ी चर्चाओं में था। दोनों के बीच 2014 में एक अवॉर्ड शो के दौरान हुए मतभेदों के बाद संबंध ठंडे पड़ गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान की फिल्मों ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ से अरिजीत के गाने तक हटा दिए गए थे।
असल में, यह विवाद उस अवॉर्ड फंक्शन से जुड़ा है जहां सलमान होस्ट थे। उन्होंने मंच पर मजाकिया अंदाज़ में अरिजीत से पूछा, “सो गए थे?” इस पर अरिजीत ने जवाब दिया, “आप लोगों ने सुला दिया।” सलमान को यह जवाब पसंद नहीं आया और यहीं से दोनों के बीच दूरी आ गई।
बाद में अरिजीत सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट के ज़रिए माफी मांगने की कोशिश की थी। उन्होंने सलमान से ‘सुल्तान’ के अपने गाने को फिल्म में शामिल करने का अनुरोध भी किया था, लेकिन वह पोस्ट बाद में हटा दी गई। हालांकि, अक्टूबर 2023 में अरिजीत को सलमान के घर के बाहर देखा गया था, जिससे दोनों के बीच सुलह की खबरें आईं। इसके बाद अरिजीत का एक गाना ‘टाइगर 3’ में भी शामिल हुआ।
सलमान खान बोले – “अरिजीत से अब अच्छी दोस्ती है”
Bigg Boss 19 के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में जब कॉमेडियन रवि गुप्ता सलमान के साथ मंच पर थे, तो उन्होंने मजाक में कहा कि वह सलमान से मिलने से डरते हैं क्योंकि लोग कहते हैं कि उनका चेहरा अरिजीत जैसा दिखता है। इस पर सलमान मुस्कुराते हुए बोले,
“अरिजीत और मैं अब बहुत अच्छे दोस्त हैं। वो गलतफहमी थी, और वो भी मेरी तरफ से। उसने मेरे लिए फिर गाने भी किए हैं — टाइगर 3 में और अब गलवान में भी कर रहा है।”
एआर मुरुगादॉस पर भी कसा तंज
एपिसोड के दौरान सलमान ने निर्देशक एआर मुरुगादॉस पर भी निशाना साधा। मुरुगादॉस ने हाल ही में कहा था कि सलमान खान फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग में देर से पहुंचते थे, जिसकी वजह से फिल्म को नुकसान हुआ। इस पर सलमान ने हंसते हुए जवाब दिया, “कहते हैं मैं सेट पर रात 9 बजे पहुंचता था, इसलिए फिल्म नहीं चली। अब इनकी नई फिल्म ‘मद्रासी’ आई है, जिसमें हीरो शाम 6 बजे पहुंचता था… अब बताइए।” इस वक्त सलमान खान ‘बिग बॉस 19’ की मेजबानी के साथ-साथ अपनी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में भी व्यस्त हैं।









