बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। करीब एक साल के अंतराल के बाद वह अपनी नई रोमांटिक फिल्म ‘ओ रोमियो’ के साथ सिनेमाघरों में नजर आएंगे। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आ चुका है, जिसमें शाहिद का बेहद खतरनाक और गुस्से से भरा लुक देखने को मिल रहा है। इसी के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन वीक में, 13 फरवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज होगी।
पोस्टर में दिखा शाहिद का हिंसक अंदाज
‘ओ रोमियो’ के फर्स्ट लुक पोस्टर में शाहिद कपूर का बिल्कुल अलग अवतार नजर आ रहा है। तीखी नजरें, चेहरे पर गुस्से के भाव और खून से सना चेहरा उनके किरदार की हिंसक झलक दिखाता है। पोस्टर में एक्टर की पूरी बॉडी पर टैटू भी दिखाई दे रहे हैं, जो उनके किरदार को और रहस्यमय बनाते हैं।
कब आएगा ‘ओ रोमियो’ का टीजर?
फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज ने खुद सोशल मीडिया पर शाहिद का फर्स्ट लुक शेयर किया है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने बताया कि 10 जनवरी 2026 को फिल्म का टीजर रिलीज किया जाएगा। विशाल भारद्वाज ने लिखा कि इस वैलेंटाइन डे पर ‘ओ रोमियो’ की खुशबू फैलेगी और दर्शकों को इसकी दुनिया की पहली झलक देखने को मिलेगी।
टैटू से जुड़ा है किरदार का गहरा कनेक्शन
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, इस फिल्म में शाहिद कपूर के किरदार के लिए उनकी पूरी बॉडी पर टैटू डिजाइन किए गए हैं। यह लुक सिर्फ स्टाइल के लिए नहीं, बल्कि उनके किरदार की मानसिक स्थिति और कहानी की गहराई को दर्शाने के लिए तैयार किया गया है। टैटू के डिजाइन, उनकी जगह और कहानी से जुड़ाव पर क्रिएटिव टीम ने खास मेहनत की है।
रिलीज डेट और दमदार स्टारकास्ट
‘ओ रोमियो’ को वैलेंटाइन डे के मौके पर दर्शकों के सामने लाया जाएगा। फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी लीड रोल में नजर आएंगी। इसके अलावा विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी, नाना पाटेकर और फरीदा जलाल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।









