प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास ने पहली दिसंबर को ईसाई रीति रिवाज से जोधपुर के उमेद भवन में शादी की थी। इस शादी को ग्रैंड लेवल पर किया गया। चाहे मेहमानों का स्वागत हो या फिर शादी की सजावट निक और प्रियंका ने हर स्तर पर अपनी शादी को खास बनाने की कोशिश की। शादी में बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों के अलावा दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी भी परिवार समेत पहुंचे थे। लेकिन प्रियंका की ये ग्रेंड वेडिंग अब विवादों में घिरती नजर आ रही है।

प्रियंका से शादी करने के लिए दूल्हे राजा निक जोनास किसी लग्जरी गाड़ी में नहीं बल्कि घोड़े की सवारी करके पहुंचे। अब इसी मामले को लेकर पेटा इंडिया (People for the Ethical Treatment of Animals) ने अपना विरोध जाहिर किया है। पेटा ने ट्वीट करते हुए लिखा, प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास, शादियों के लिए घोड़ों को किस तरह चेन और चाबुक से कंट्रोल किया जाता है। उन्हें चुभने वाली चीजों से कंट्रोल किया जाता है। इन दिनों लोग शादियों में घोड़ों पर सवारी करने से इंकार कर रहे हैं। आपको शादी के लिए शुभकामनाएं, लेकिन, अफसोस जानवरों के लिए ये बहुत खुशी का दिन नहीं था।

हालांकि पेटा के इस ट्वीट पर प्रियंका और निक की ओर से कोई रिएक्शन नहीं आया है। इससे पहले भी प्रियंका चोपड़ा अपनी शादी में पटाखे चलाने को लेकर ट्रोल हो गईं थी। दरअसल, प्रियंका ने 1 दिसंबर को निक जोनास संग कैथोलिक रस्मों के अनुसार शादी की थी। इनकी शादी के बाद जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में जोरदार आतिशबाजी की गई। इस दौरान का वीडियो सामने आया था।

बता दें, कि प्रियंका और निक ने 1 दिसंबर को ईसाई और 2 दिसंबर को हिंदू मान्यताओं के मुताबिक शादी की। अभी तक शादी की तस्वीरें तो सामने नहीं आई हैं लेकिन मेहंदी और संगीत सेरेमनी की तस्वीरें और वीडियो खुद इस जोड़ी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।