मुंबई में म्यूज़िक और ग्लैमर का शानदार संगम देखने को मिला, जब गायिका पूनम झा (Poonam Jha) के नए पार्टी सॉन्ग ‘मज़ा ले ले’ का भव्य लॉन्च किया गया। यह गाना नए म्यूज़िक लेबल कामाख्या बीट्स (Kamakhya Beats) के बैनर तले रिलीज़ हुआ है और रिलीज़ के साथ ही दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स हासिल कर रहा है।
PVR ICON में स्पेशल स्क्रीनिंग, सितारों की मौजूदगी
गाने की स्पेशल स्क्रीनिंग मुंबई की पीवीआर आइकॉन (PVR ICON), अंधेरी में आयोजित की गई, जहां पूरी टीम के साथ बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य (Ganesh Acharya) और एक्ट्रेस पूजा चोपड़ा (Pooja Chopra) बतौर चीफ गेस्ट मौजूद रहीं।
इस मौके पर ‘आशिकी’ फेम अभिनेता Rahul Roy भी अपनी बहन प्रियंका के साथ पहुंचे और उन्होंने निर्माता मनोज झा व पूनम झा को गाने की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
म्यूज़िक से लेकर वीडियो तक दमदार टीम
‘मज़ा ले ले’ को पूनम झा ने देव नेगी (Dev Negi) के साथ मिलकर गाया है। गाने का निर्देशन अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने किया है, जबकि कोरियोग्राफी की कमान विष्णु देवा (Vishnu Deva) ने संभाली है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ फेम डडले (Dudley) ने निभाई है, जिससे वीडियो को फिल्मी टच मिला है।
गाने का संगीत पवन मुरादपुरी ने तैयार किया है और इसके बोल एस. आर. भारती ने लिखे हैं। वीडियो में पूनम झा के साथ अनायरा गुप्ता और ईशान शंकर नजर आ रहे हैं।
गणेश आचार्य और पूजा चोपड़ा की प्रतिक्रिया
लॉन्च के दौरान गणेश आचार्य ने कहा कि ‘मज़ा ले ले’ एक परफेक्ट पार्टी ट्रैक है। उन्होंने विष्णु देवा की कोरियोग्राफी और कलाकारों के डांस की तारीफ करते हुए कहा कि पूनम झा ने न सिर्फ गाने को खूबसूरती से गाया है, बल्कि स्क्रीन पर भी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी है।
वहीं पूजा चोपड़ा ने कहा कि आज की म्यूज़िक इंडस्ट्री में नयापन बेहद ज़रूरी है और कामाख्या बीट्स इस दिशा में एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। उन्होंने पूनम झा की आवाज़ को मेलोडियस और अलग बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कामाख्या बीट्स का विजन
कामाख्या बीट्स के फाउंडर मनोज झा ने बताया कि यह लेबल खासतौर पर टैलेंटेड महिलाओं और नए कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हर महीने इस लेबल से नए गाने रिलीज़ किए जाएंगे, ताकि उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।
पूनम झा की भावुक प्रतिक्रिया
पूनम झा ने कहा कि गायकी उनका पुराना जुनून रहा है और ‘मज़ा ले ले’ उनका तीसरा गाना है। बड़े पर्दे पर अपने गाने को देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने अपने पति मनोज झा का आभार जताया, जिन्होंने उनके सपनों को साकार करने में पूरा सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में मनोज झा और पूनम झा ने मंच पर मौजूद सभी अतिथियों और तकनीकी टीम के सदस्यों को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कुल मिलाकर, ‘मज़ा ले ले’ अपनी बीट्स, डांस और एनर्जी के साथ पार्टी प्लेलिस्ट में जगह बनाने को पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें:









