दिल्ली पुलिस ने गुरुवार (3 अक्टूबर) तड़के जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर मुठभेड़ के बाद दो शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों को मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की हत्या की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी राहुल और भिवानी निवासी साहिल के रूप में हुई है।
रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े
जांच अधिकारियों के अनुसार, दोनों बदमाश विदेश में बैठे माफिया रोहित गोदारा के इशारों पर काम कर रहे थे। गोदारा ने गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण के साथ मिलकर मुनव्वर फारूकी को निशाना बनाने की साजिश रची थी। पुलिस का कहना है कि मुंबई और बेंगलुरु में फारूकी की कथित तौर पर रेकी (जासूसी) भी की गई थी।
बिग बॉस विजेता मुनव्वर पर साजिश
गौरतलब है कि मुनव्वर फारूकी ने साल 2024 में रियलिटी शो बिग बॉस जीता था और सोशल मीडिया पर उनके 1.42 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी राहुल पहले से ही दिसंबर 2024 में यमुनानगर में हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में वांछित था।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हुए, जिन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
दिल्ली पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस टीम को इनपुट मिला था कि हरियाणा के ट्रिपल मर्डर केस से जुड़े आरोपी दिल्ली में मौजूद हैं। इस पर कालिंदी कुंज इलाके के पुश्ता रोड पर घेराबंदी की गई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल होकर पकड़े गए।









